
Navratri-Dussehra Long Weekend के लिए टिप्स (screenshot) image credit/mysoredasara and incredibleindia
Durga Puja 2026: देश के अलग-अलग राज्यों में दशहरा और नवरात्रि अपने खास अंदाज में मनाए जाते हैं। कहीं दुर्गा पूजा के भव्य पंडाल देखने को मिलते हैं, तो कहीं गरबा, रामलीला और रावण दहन देखने के लिए होते हैं। इस साल दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। ऐसे में अगर आप सोमवार, 19 अक्टूबर की छुट्टी लेते हैं, तो शनिवार, 17 अक्टूबर से मंगलवार, 20 अक्टूबर तक चार दिन का लॉन्ग वीकेंड मिल सकता है। इस दौरान आप परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं। इस मौके पर अगर आप कहीं घूमने जाना चाहते हैं, तो इन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
अगर आप नवरात्रि के दौरान घूमने के साथ कला और संस्कृति का अनुभव लेना चाहते हैं, तो कोलकाता जा सकते हैं। यहां दुर्गा पूजा के दौरान बड़े-बड़े पंडाल सजाए जाते हैं। इनकी सजावट और थीम हर साल लोगों का ध्यान खींचती हैं। इन्हें देखने के लिए रात के समय बड़ी संख्या में लोग पंडाल घूमने पहुंचते हैं। कोलकाता में आप कुम्हारटोली (Kumartuli) जा सकते हैं, जिसे कुमारटुली या कुमोरतुली भी कहा जाता है। यहां कारीगर मां दुर्गा की मिट्टी की मूर्तियां तैयार करते हैं। इसके अलावा सोवाबाजार राजबाड़ी (Sovabazar Rajbari) जैसे पुराने पारंपरिक पूजा स्थलों को भी देख सकते हैं। यहां घूमने के साथ आप काठी रोल, पुचका और दूसरी स्थानीय डिशेज का स्वाद भी ले सकते हैं।
नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया खेलने का शौक है, तो गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा आपके लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इन शहरों में नवरात्रि की रातों में कई जगह गरबा और डांडिया के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। लोग पारंपरिक कपड़े पहनकर गाने की धुन पर गरबा करते हैं। अगर आप 2026 में अहमदाबाद के वाइब्रेंट नवरात्रि फेस्टिवल (Vibrant Navratri Festival) में शामिल होना चाहते हैं, तो जाने से पहले आयोजन की तारीख, टिकट और जगह की जानकारी आधिकारिक बुकिंग प्लेटफॉर्म से जरूर जांच लें। गरबा के बाद आप स्थानीय स्ट्रीट फूड का स्वाद भी ले सकते हैं।
कर्नाटक का मैसूर शहर अपने शाही दशहरा उत्सव के लिए जाना जाता है। यहां मैसूर पैलेस को हजारों रोशनी से सजाया जाता है और उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं। दशहरे के मौके पर निकलने वाली जंबू सवारी (Jumboo Savari) इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण है।
अगर आप दशहरे के मौके पर रामलीला और रावण दहन देखना चाहते हैं, तो दिल्ली जा सकते हैं। यहां अलग-अलग जगहों पर रामलीला का मंचन होता है और दशहरे पर रावण के पुतले जलाए जाते हैं। रामलीला मैदान जैसे प्रमुख स्थानों पर होने वाले आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दशहरा और नवरात्रि के दौरान धार्मिक माहौल देखने को मिलता है। यहां गंगा घाटों पर होने वाली आरती और रामलीला के आयोजन लोगों को मुख्य केंद्र हैं।
राजस्थान में दशहरा मनाने के लिए कोटा भी एक अच्छा विकल्प है। यहां दशहरा मेले और रावण दहन के आयोजन लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। यहां आपको मेले में झूले, खाने-पीने की दुकानें और दूसरी चीजें भी देखने को मिल सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश की कुल्लू घाटी में मनाया जाने वाला कुल्लू दशहरा अपनी अलग परंपराओं के लिए जाना जाता है। यहां दशहरे के दिन से उत्सव की शुरुआत होती है, जबकि देश के कई हिस्सों में इसी दिन दशहरा उत्सव का समापन होता है। ऐसे में अगर आप पहाड़ों में घूमने के साथ स्थानीय संस्कृति को जानना चाहते हैं, तो कुल्लू जा सकते हैं।
नोट: ट्रिप प्लान करने से पहले छुट्टियों की तारीख और संबंधित शहरों में त्योहारों के आयोजनों से जुड़ी जानकारी जरूर चेक कर लें।
Updated on:
16 Oct 2026 02:13 pm
Published on:
16 Oct 2026 02:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
