
Nita Ambani Dance: नीता अंबानी का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में बिजनेस फैमिली, बड़े-बड़े फैमिली फंक्शन, लग्जरी लाइफस्टाइल और बेहतरीन ड्रेसिंग सेंस की तस्वीर बन जाती है। लेकिन इन सबके साथ एक चीज और है, जिसके लिए वो हमेशा चर्चा में रहती हैं, और वो है उनका डांस। बहुत कम लोग जानते हैं कि डांस उनके लिए सिर्फ शौक नहीं है। इसके पीछे पापा की यादें हैं और डांस के लिए उनका गहरा प्यार भी छिपा है। आइए जानते हैं नीता अंबानी के डांस से जुड़े इस रिश्ते के बारे में, साथ ही उनकी कुछ डांस प्रस्तुतियों के बारे में भी।
इंस्टाग्राम हैंडल nmacc.india पर शेयर किए गए एक वीडियो में नीता अंबानी ने बताया कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही क्लासिकल डांस सीखना शुरू कर दिया था। जब वो सिर्फ 9 साल की थीं, तब उन्होंने पहली बार स्टेज पर परफॉर्मेंस दी थी।
बचपन में डांस सीखने के लिए उन्हें आगे बढ़ाने वाले उनके पापा ही थे। पहली बार डांस क्लास में भी वही उन्हें लेकर गए थे। नीता को आज भी याद है कि जब वो स्टेज पर परफॉर्म करती थीं, तो उनके पापा ऑडियंस के बीच बैठकर उन्हें देखते थे। उनकी आंखों में अपनी बेटी के लिए गर्व साफ दिखता था।
नीता अंबानी रघुपति राघव राजा राम भजन पर जैसे ही डांस करती हैं, वो उन्हें पापा के साथ बिताए उन्हीं पलों की याद दिलाता है। उनका कहना है कि इस भजन पर डांस करते वक्त उन्हें ऐसा लगता है जैसे पापा आसपास ही मौजूद हैं।
नीता अंबानी के लिए डांस का मतलब सिर्फ ट्रेनिंग लेना और स्टेज पर परफॉर्म करना नहीं रहा है। वो डांस को प्रार्थना का एक रूप मानती हैं और भगवान से जुड़ने का एक जरिया भी।
अंबानी फैमिली के हर खास मौके पर नीता अंबानी का डांस देखने को मिल ही जाता है। बेटी ईशा अंबानी की शादी हो या बेटे आकाश और अनंत की, हर बार उनकी परफॉर्मेंस की चर्चा आज भी होती है। फैमिली फंक्शन के अलावा नीता अंबानी एंटीलिया में आयोजित गणेश चतुर्थी और गणेश विसर्जन उत्सव के दौरान भी भजनों पर डांस करती नजर आई हैं। इनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।