लाइफस्टाइल

पेट्स के बाल, पंजों के निशान और स्क्रैच से खराब हो रहा घर का फर्नीचर? जानें कैसे करें बचाव

Pet Parent Tips: पेट पैरेंट्स अक्सर फर्नीचर और कपड़ों पर पेट्स के बाल चिपकने या नाखूनों से स्क्रैच पड़ने की परेशानी से जूझते हैं। ऐसे में यहां बताए गए आसान टिप्स अपनाकर इस परेशानी को कम किया जा सकता है।
3 min read
Sep 18, 2026
Pet Friendly Furniture, Pet Friendly Home
Pet Parent Tips (representative image) image credit Magnific

Pet Friendly Home: घर में कुत्ता या बिल्ली हो तो घर हमेशा थोड़ा ज्यादा खुशहाल और चहल पहल वाला रहता है। पेट्स घर के सदस्य जैसे होते हैं, इसलिए पेट पैरेंट्स उनकी सेहत, खानपान और आराम का पूरा ध्यान रखते हैं। लेकिन इनके साथ घर की सफाई और फर्नीचर को संभालना कई बार मुश्किल हो जाता है। सोफे पर चिपके बाल, कपड़े पर पंजों के निशान और नाखूनों से पड़े स्क्रैच रोज की परेशानी बन सकते हैं।

अगर आपके घर में भी पेट है या आप जल्द ही पेट लाने की तैयारी कर रहे हैं तो फर्नीचर और घर की चीजें चुनते समय कुछ छोटी छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। इससे पेट्स के साथ घर को साफ सुथरा रखना और फर्नीचर को जल्दी खराब होने से बचाना आसान हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान टिप्स।

सही कपड़े का करें चुनाव

पेट्स अक्सर सोफे और कुर्सियों पर बैठते हैं। ऐसे में उनके बाल फर्नीचर पर चिपक सकते हैं और पंजों से कपड़े पर खरोंच भी पड़ सकती है। इसलिए सोफे या कुर्सी के लिए बहुत ढीली बुनाई वाला कपड़ा लेने से बचें। ऐसे कपड़े में पेट्स के पंजे आसानी से फंस सकते हैं। इसके बजाय ऐसा मजबूत और अच्छी तरह बुना हुआ कपड़ा चुनें, जो रोजाना के इस्तेमाल में जल्दी खराब न हो। इसके साथ ही ध्यान रखें कि कपड़ा साफ करना भी आसान हो, जिससे सोफे पर कुछ गिर जाए या दाग लग जाए तो उसे आसानी से साफ किया जा सके।

पर्दों का भी रखें ध्यान

पेट्स को घर में घूमते और खेलते समय पर्दों से भी खेलने की आदत हो सकती है। अगर पर्दे जमीन तक आते हैं तो उनके पंजों में फंसने या खिंचने का खतरा रहता है। इससे पर्दे जल्दी गंदे या खराब हो सकते हैं। अगर आपका पेट छोटा है या घर में एक से ज्यादा पेट्स हैं तो पर्दों की लंबाई जमीन से थोड़ी ऊपर रखें। इससे पेट्स के लिए पर्दों तक पहुंचना मुश्किल होगा और पर्दे भी साफ रहेंगे। अगर आपका पेट पर्दे पकड़कर ऊपर चढ़ने की कोशिश करता है तो आप पर्दों की जगह ब्लाइंड जैसे दूसरे विकल्प भी लगा सकते हैं।

सही रंग और डिजाइन चुनें

अगर घर में पेट है तो फर्नीचर का रंग चुनते समय भी थोड़ा ध्यान देना चाहिए। बहुत हल्के या बहुत गहरे एक रंग वाले सोफे पर पेट्स के बाल और पंजों के निशान जल्दी नजर आ सकते हैं। इसके बजाय बीच के शेड वाले रंग, हल्के पैटर्न या टेक्सचर वाला कपड़ा चुन सकते हैं। ऐसे कपड़ों पर छोटे मोटे बाल और निशान उतने साफ दिखाई नहीं देते और फर्नीचर भी लंबे समय तक साफ दिख सकता है।

पेट्स के लिए अलग जगह बनाएं

अगर आपका कुत्ता या बिल्ली हर समय सोफे पर ही बैठता है तो उसके लिए सोफे के पास अलग बेड या मैट रख सकते हैं। उसकी जगह को आरामदायक रखें, ताकि पेट बार बार फर्नीचर पर न चढ़े।

पेट्स के नाखून समय पर काटते रहें

पेट्स के नाखून ज्यादा लंबे होने पर सोफे या कुर्सी पर चढ़ते समय कपड़े में फंस सकते हैं और खरोंच के निशान पड़ सकते हैं। इसलिए उनके नाखून समय समय पर ट्रिम करते रहें। अगर घर में बिल्ली है और वह सोफा या कुर्सी खरोंचती है तो उसके पास स्क्रैचिंग पोस्ट या स्क्रैचिंग बोर्ड रखें।

नियमित सफाई करें

पेट्स के साथ फर्नीचर को पूरी तरह बाल और गंदगी से बचाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए सफाई का एक आसान रूटीन बना लें। सोफे, कुर्सियों और पेट्स की पसंदीदा जगहों को नियमित रूप से वैक्यूम करें। इसके साथ ही अगर पेट बाहर से खेलने के बाद घर आता है तो उसके पंजे साफ करने की आदत भी डालें। इससे बाहर की मिट्टी और गंदगी फर्नीचर तक कम पहुंचेगी।

Updated on:
18 Sept 2026 03:43 pm
Published on:
18 Sept 2026 03:35 pm