
Pre-Wedding Skincare Routine: शादी की तैयारियों में लहंगा, ज्वेलरी और मेकअप आर्टिस्ट की तैयारी महीनों पहले शुरू हो जाती है, लेकिन स्किन का ख्याल रखने से जुड़ी चीजें अक्सर लोग शादी के एक या दो महीने पहले के लिए टाल देते हैं। ऐसे में अगर आपकी भी जल्द शादी होने वाली है, तो आइए जानते हैं कि शादी से कितने महीने पहले स्किनकेयर शुरू करनी चाहिए, हर महीने में क्या करना चाहिए और डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए।
अगर आपकी शादी में 6 महीने या इससे ज्यादा समय है, तो आप अपनी स्किन टाइप और टेक्सचर समझने के साथ-साथ स्किन से जुड़ी परेशानियों, जैसे एक्ने, पिगमेंटेशन, डार्क सर्कल्स, खुले पोर्स या फाइन लाइंस, का पता लगाने के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा अगर आपको स्किन से जुड़ी ज्यादा कोई परेशानी नहीं है, तो अपनी रोजाना की बेसिक रूटीन में सुबह क्लींजर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन जरूर रखें। इससे स्किन की कंडीशन में सुधार हो सकता है। इसके अलावा अगर आप चाहें तो मॉइस्चराइजर से पहले सीरम भी लगा सकती हैं। साथ ही मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन अपनी स्किन टाइप और मौसम के हिसाब से चुनें। वहीं रात को कितनी भी थकान हो, मेकअप उतारकर और नाइट स्किन केयर करने के बाद ही सोएं।
अगर आप स्किन केयर नहीं करती हैं और शादी पास आने की वजह से स्किन केयर किट बनाने का सोच रही हैं, तो अपनी स्किन टाइप के हिसाब से नए प्रोडक्ट ट्राई करके देखें, ताकि कोई प्रोडक्ट सूट न करे तो बदलने के लिए टाइम बचा रहे। नया प्रोडक्ट पूरे चेहरे पर लगाने से पहले कान के पीछे या हाथ के अंदर की तरफ थोड़ा लगाकर पैच टेस्ट कर लें। इसके साथ ही खाने में मीठा और तला-भुना कम रखें, क्योंकि इसका असर स्किन पर दिख सकता है। शादी की प्लानिंग का स्ट्रेस कम करने के लिए मेडिटेशन, वॉक या कोई और तरीका भी डेली रूटीन में शामिल करें।
शादी के आखिरी तीन महीनों में स्किन केयर से जुड़े नए प्रोडक्ट्स ट्राई करने से बचें। इनका रिएक्शन होने पर अगर ठीक होने में ज्यादा समय लगता है, तो आपका स्पेशल डे खराब हो सकता है। आप इन दिनों में पुरानी स्किन केयर रूटीन फॉलो करने के साथ ही मेकअप ट्रायल भी करवा लें, ताकि पता चल जाए कि कौन से प्रोडक्ट आपकी स्किन टोन और टाइप पर सूट करते हैं। इसके अलावा केमिकल पील, लेजर टोनिंग या स्किन बूस्टर जैसे क्लिनिकल ट्रीटमेंट लेने का सोच रही हैं, तो इस महीने शुरू कर सकती हैं। इन्हें सिर्फ क्वालिफाइड डर्मेटोलॉजिस्ट से ही करवाएं, क्योंकि ये हर स्किन पर एक जैसे नहीं चलते। इनका असर दिखने में आमतौर पर कुछ महीने और कई सेशन लगते हैं, इसलिए इन्हें आखिरी हफ्तों के लिए न टालें।
शादी में एक या दो महीने बचे रहने पर कुछ फंक्शन शुरू हो जाते हैं। ऐसे में थकान से बचने के साथ ही हेल्दी रहने के लिए खाने में फल और हरी सब्जियां रखें, हल्की एक्सरसाइज या योग करें। पफीनेस कम करने के लिए स्लीपिंग मास्क या अंडर-आई रोलर आजमाया जा सकता है। रात में नींद पूरी नहीं हो पा रही हो, तो दिन में थोड़ी देर झपकी ले लें। इसके साथ ही हाथ-पैरों का ख्याल रखने के लिए मैनिक्योर और पेडिक्योर करवा सकती है। हल्दी या मेहंदी जैसी रस्मों से पहले नाखूनों पर क्लियर पॉलिश लगा लें ताकि रंग न चढ़े। मेहंदी लगवाने से पहले एक बार पैच टेस्ट कर जरुर करें।
अगर किसी नए प्रोडक्ट या ट्रीटमेंट के बाद स्किन पर तेज जलन, लगातार लालिमा, सूजन, दाने या रैशेज आ जाएं, तो उसे बंद कर दें और डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।