
Rakhi Gift Ideas: आज के समय में रक्षाबंधन पर कुछ लोग भाई को राखी बांधने के साथ साथ भाभी को भी राखी बांधती हैं। वैसे तो राखी बांधने के बाद भाई और भाभी की तरफ से बहन को गिफ्ट मिलता है, लेकिन अगर आपका भाई छोटा है या आप अपने भाई को गिफ्ट देने के लिए ऑप्शन खोज रही हैं, तो आप सिर्फ भाई के बदले कुछ ऐसा गिफ्ट कर सकती हैं, जो दोनों के काम आने के साथ ही दोनों को स्पेशल फील कराए। आइए जानते हैं भाई और भाभी के लिए कुछ ऐसे गिफ्ट आइडिया, जो उन्हें पसंद आने के साथ काम भी आएंगे।
अगर भाई और भाभी को घूमने फिरने का शौक है तो उनके लिए एक ट्रैवल किट अच्छा गिफ्ट हो सकता है। इसमें पासपोर्ट कवर, लगेज टैग, ट्रैवल पाउच या छोटी जरूरी चीजें शामिल कर सकती हैं। इसके साथ ही दोनों को स्पेशल फील कराने के लिए दोनों के लिए मैचिंग या नाम वाले कस्टमाइज सामान चुनकर इस गिफ्ट को थोड़ा पर्सनल टच भी दे सकती हैं।
भाई और भाभी की खास तस्वीरों से बना फोटो कैलेंडर भी एक अच्छा और यादगार गिफ्ट हो सकता है। इसमें उनकी शादी, घूमने या परिवार के साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें लगाई जा सकती हैं। हर महीने एक नई तस्वीर होने की वजह से यह गिफ्ट पूरे साल उनके काम आएगा और पुरानी यादें भी ताजा करता रहेगा।
अगर भाई और भाभी को सुबह की चाय या शाम की कॉफी साथ में पीना पसंद है तो उनके लिए एक अच्छा कपल कॉफी सेट लिया जा सकता है। दोनों के लिए अलग डिजाइन या नाम वाले कप चुन सकती हैं। इसके साथ कॉफी, ग्रीन टी या उनकी पसंद की कोई दूसरी चीज रखकर छोटा सा गिफ्ट हैम्पर भी तैयार किया जा सकता है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में साथ में समय बिताने के लिए कपल को कम समय मिल पाता है। ऐसे में अगर आप ऐसा गिफ्ट देना चाहती हैं, जिसका दोनों साथ में समय बिताने के साथ ही एंजॉय कर पाएं, तो डिनर या मूवी वाउचर एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
अगर भाई और भाभी ने नया घर खरीदा है या घर लेने का प्लान बना रहे हैं, तो उनके नाम की एक खूबसूरत नेम प्लेट गिफ्ट कर सकती हैं। यह गिफ्ट घर के दरवाजे पर हमेशा काम आएगा और पर्सनल भी लगेगा।