
Riteish Deshmukh Genelia D'Souza Happy Married Life Tips: बॉलीवुड के पावर कपल कहे जाने वाले एक्टर रितेश देशमुख (Riteish Deshmukh) और एक्ट्रेस जेनेलिया देशमुख (Genelia D'Souza) की जोड़ी लोग काफी पसंद करते हैं। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी की और अब उनकी शादी को 14 साल से ज्यादा हो चुके हैं। कपल समय-समय पर मीडिया इंटरव्यू और सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते से जुड़े अनुभव साझा करते रहते हैं। ऐसे में अगर आप भी अपने रिश्ते को मजबूत और सफल बनाना चाहते हैं, तो ये 5 बातें रितेश और जेनेलिया से सीख सकते हैं।
रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख कई बार मीडिया इंटरव्यू और टीवी शोज में बता चुके हैं कि वे पति-पत्नी बनने से पहले अच्छे दोस्त थे। ऐसे में अगर आप अपने रिश्ते को सफल बनाना चाहते हैं, तो दोस्ती से शुरुआत करें। अच्छा दोस्त बनने से पार्टनर को समझना आसान हो जाता है।
एक इंटरव्यू में रितेश देशमुख ने बताया था कि उनके घर का एक नियम है। दोनों कभी भी अपनी लड़ाई को अगले दिन तक नहीं ले जाते। अगर कोई बात बुरी लगती है, तो उसी दिन बैठकर उसे सुलझा लेते हैं। एक्टर के अनुसार, कई बार अपनी बात साबित करने से ज्यादा जरूरी माफी मांग लेना होता है।
रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख सोशल मीडिया पर अक्सर हंसी-मजाक से भरे मजेदार वीडियो शेयर करते हैं। इसके अलावा, मीडिया में भी दोनों की क्यूट और फनी बॉन्डिंग अक्सर देखने को मिलती है। ऐसे में रिश्ते को बेहतर बनाए रखने के लिए हंसी-मजाक जरूरी है। जिंदगी में कितनी भी व्यस्तता या तनाव क्यों न हो, अगर रिश्ते में हंसी-मजाक बना रहे, तो मुश्किल समय भी आसानी से निकल जाता है।
कपल के अनुसार, किसी भी रिश्ते में प्यार के साथ सम्मान होना भी जरूरी है। अपने पार्टनर की सोच, पसंद, भावनाओं और फैसलों का सम्मान करना रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।
पति-पत्नी दोनों अलग-अलग परिवारों और माहौल से आते हैं। ऐसे में उनकी सोच और आदतों में अंतर होना स्वाभाविक है। इसलिए कभी भी अपने पार्टनर को बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। रितेश और जेनेलिया भी अक्सर सार्वजनिक जगहों और इंटरव्यू में एक-दूसरे की अलग सोच और आदतों का सम्मान करते नजर आते हैं। यही आदत रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखने में मदद करती है।