
Roasted Sweet Potato Tips: सर्दियां आते ही बाजार में शकरकंद मिलने लगती है, जिसे लोग चाट बनाने के साथ ही उबालकर या भूनकर खाना पसंद करते हैं। लेकिन सही से न भुनने पर या तो यह कच्ची रह जाती है या जल जाती है। इसके चलते कुछ लोग इसे उबालकर खाना पसंद करते हैं, जो खाने में उतनी मीठी नहीं लगती और स्वाद भी नहीं आता। ऐसे में आइए जानते हैं इससे बचने के लिए कुछ टिप्स और ट्रिक, जिनकी मदद से आप बिना आग या ओवन के भी घर पर इसे भून सकते हैं, ताकि उसका स्वाद और मिठास दोनों बेहतर रहें।
शकरकंद भूनने में ज्यादातर लोग सबसे पहली गलती इसे तेज आंच पर भूनने की करते हैं। तापमान तेजी से बढ़ने पर शकरकंद का अंदरूनी हिस्सा बहुत जल्दी उस तापमान को पार कर जाता है, जिसपर एंजाइम को शक्कर बनाने का समय न मिल पाए। इसके चलते नतीजा यह होता है कि शकरकंद नरम तो हो जाती है, पर उसमें मिठास कम रह जाती है। इससे बचने के लिए इसे धीमी आंच पर भूनें।
अगर ओवन में भून रहे हैं, तो पहले से गर्म किए हुए ओवन में शकरकंद डालने के बजाय उसे ठंडे ओवन में रखकर ओवन को धीरे-धीरे गर्म होने दें। इससे शकरकंद को धीरे-धीरे गर्म होने का वक्त मिलता है और एंजाइम को ज्यादा देर तक काम करने का मौका मिल जाता है। जिससे स्वाद अच्छा आता है।
शकरकंद को पूरी तरह फॉइल में लपेटकर भूनने से नमी अंदर ही बंद हो जाती है, और शकरकंद भुनने के बजाय भाप में पकती है। इससे छिलका बहुत नरम हो जाता है और वह कुरकुरी नहीं बनती, न ही उसकी ऊपर की शक्कर अच्छे से कैरेमलाइज होती है। खुली रखकर भूनने से नमी उड़ जाती है और स्वाद ज्यादा गहरा बनता है।
भूनने से पहले शकरकंद को धोकर पूरी तरह सुखा लें और कांटे से उसमें कुछ जगह छेद कर दें। इससे अंदर की भाप बाहर निकल जाती है और शकरकंद के फटने का खतरा कम होता है।
अगर घर में ओवन नहीं है, तो शकरकंद को अच्छे से धोने के बाद तवे पर नमक की परत बिछाएं। फिर शकरकंद को बड़े टुकड़ों में काटकर उसके ऊपर रखें और किसी भारी बर्तन से ढक दें। थोड़ी-थोड़ी देर में चेक करके टुकड़ों को पलटते रहें, ताकि वे चारों तरफ से अच्छे से पक जाएं।
भुनी हुई शकरकंद बच जाए, तो उसे पहले कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें, फिर एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में रखें। दोबारा गर्म करने के लिए उसे तवे या पैन पर मध्यम आंच पर सेकें, इससे वह हल्की कुरकुरी हो जाती है।