
Strawberry Legs Care Tips:Strawberry Legs Care Tips: पैरों की खूबसूरती बनाए रखने के लिए सिर्फ वैक्सिंग या शेविंग करना ही काफी नहीं है, बल्कि त्वचा की सही देखभाल भी जरूरी है। कई बार शेविंग के बाद पैरों पर छोटे-छोटे काले दाने नजर आने लगते हैं। इससे पैरों की त्वचा बेजान और असमान दिख सकती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर पैरों की त्वचा को साफ और मुलायम बनाए रख सकती हैं।
पैरों पर होने वाली इस परेशानी को स्ट्रॉबेरी लेग्स कहा जाता है, क्योंकि स्किन पर स्ट्रॉबेरी के बीजों जैसे बिंदु दिखाई देते हैं। इसके पीछे की एक बड़ी वजह शेविंग का गलत तरीका भी हो सकता है। सूखी स्किन पर पुराना रेजर चला देने से स्किन छिलती है, जलन होती है और बाद में दाने दिखने लगते हैं। पुराने या शेविंग क्रीम सही से न लगाने से भी स्ट्रॉबेरी लेग्स हो सकते हैं। इसलिए शेव करने से पहले पैरों को गुनगुने पानी से भिगो लें, फिर शेविंग क्रीम या जेल लगाएं। रेजर नया और तेज धार वाला रखें और बालों की बढ़ने की दिशा में हल्के हाथ से चलाएं। एक ही जगह पर बार-बार रेजर न चलाएं।
वैक्सिंग के बाद बालों की जड़ों के रोमछिद्र खुले होते हैं और स्किन नाजुक रहती है। इसलिए उसी दिन स्क्रब न करें, बहुत गर्म पानी से न नहाएं और टाइट कपड़ों से बचें। ढीले और सूती कपड़े पहनें, ताकि रगड़ न लगे। एक या दो दिन बाद ही हल्का एक्सफोलिएशन शुरू करें। अगर बाल अंदर की तरफ मुड़ने लगें, तो उन्हें नोचने या किसी चीज से निकालने की कोशिश न करें। हल्दी या मेहंदी जैसे फंक्शन से ठीक पहले वैक्सिंग करवाने से बचें और कम से कम दो-तीन दिन पहले करवाएं, ताकि लालिमा और जलन शांत हो जाए।
डेड स्किन जमने से रोमछिद्र बंद होते हैं और दाने ज्यादा दिखते हैं। नहाते वक्त मुलायम वॉशक्लॉथ या माइल्ड बॉडी स्क्रब से हल्के हाथ से स्किन को साफ करें। ऐसा हफ्ते में एक या दो बार ही करें।
रूखी स्किन पर शेविंग या वैक्सिंग से जलन जल्दी होती है और फॉलिकुलाइटिस यानी बालों की जड़ों में सूजन का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए नहाने के बाद पैरों पर हल्का मॉइस्चराइजर लगाने की आदत डालें। सर्दियों की शादियों में स्किन ज्यादा रूखी होती है, इसलिए इस दौरान और ध्यान रखें। रूखी, खुरदरी और छोटे उभार वाली स्किन पर मॉइस्चराइजर खास तौर पर काम आता है।
बहुत से लोग काले दानों को देखकर उन्हें नाखून से नोचने या दबाने लगते हैं। इससे जलन, निशान और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इन्हें नोचने या दबाने के बदले सही देखभाल करें। साथ ही बहुत टाइट जींस, लेगिंग्स और सिंथेटिक कपड़ों से बचें, क्योंकि रगड़ और पसीना जलन बढ़ा सकते हैं। शेविंग या वैक्सिंग के बीच कुछ दिन का गैप रखें, ताकि स्किन को संभलने का समय मिले।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।