
Weight Loss Tips: आजकल की भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल और खराब खानपान के चलते वजन बढ़ने से ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं। वजन कम करने के लिए लोग डाइटिंग, जिम या योग जैसी चीजें भी करते हैं। लेकिन वजन कम करना सिर्फ जिम जाने या डाइट कम करने तक सीमित नहीं है। इसकी एक बड़ी परेशानी जरूरत से ज्यादा खाना, जल्दी-जल्दी खाना और पेट भरने के संकेतों को नजरअंदाज करना भी हो सकती है। ऐसे में खाने की मात्रा और खाने के तरीके पर ध्यान देना भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इस समस्या से बचने के लिए एक टिप्स बताती हैं, जिसे फॉलो करने से ज्यादा खाना खाने से बचने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं।
फेमस कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो के दौरान बातचीत करते हुए एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित बताती हैं कि जमीन पर पालथी मारकर बैठकर खाना खाने से शरीर को निवाला लेने के लिए थोड़ा आगे की ओर झुकना और फिर वापस सीधा होना पड़ता है। उनका मानना है कि इस तरह खाने से ज्यादा खाना खाने से बचने में मदद मिल सकती है।
जमीन पर चटाई या आसन बिछाकर बैठें। अपने दोनों पैरों को मोड़कर क्रॉस करें और सुखासन (पालथी मारकर) में बैठें। अपनी पीठ को सीधा रखें। भोजन की थाली सामने रखें और शांत मन से खाना खाएं।
वजन घटाने के लिए केवल कम खाना ही नहीं, बल्कि क्या और कितना खा रहे हैं, इस पर भी ध्यान देना जरूरी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, मुख्य भोजन में प्लेट का लगभग आधा हिस्सा सब्जियों से भरना, हर भोजन में प्रोटीन शामिल करना, साबुत अनाज को प्राथमिकता देना और तेल-घी जैसी अधिक कैलोरी वाली चीजों का सीमित मात्रा में इस्तेमाल करना मददगार हो सकता है। मीठे पेय, बिस्किट, केक और अन्य मीठे स्नैक्स कम लेने चाहिए तथा पर्याप्त पानी पीना चाहिए। इसके अलावा छोटे प्लेट-बाउल में खाना निकालें और खाना खाते समय टीवी या मोबाइल जैसी चीजों से ध्यान भटकने से बचें, क्योंकि इससे जरूरत से ज्यादा खाने से बचने में मदद मिल सकती है।