
सोहेल खान ने अपने वजन को लेकर किया खुलासा (Photo Source- Twitter/@Apna_Bollywood)
Sohail Khan On Weight Loss: बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता सोहेल खान (Sohail Khan) हाल ही में अपने अचानक घटे वजन और काफी दुबले-पतले लुक को लेकर चर्चा में हैं। 55 साल के सोहेल हाल ही में द अलायंस शो में भी नजर आए थे। उसमें भी उनकी सेहत देख लोग सवाल उठा रहे थे। कुछ लोगों ने उनके वजन कम होने को किसी बीमारी या हेल्थ प्रॉब्लम से जोड़ा, तो कुछ ने कहा कि उन्होंने वजन घटाने के लिए 'ओजेंपिक' (Ozempic) जैसी दवाओं या फैट-बर्निंग सप्लीमेंट्स का सहारा लिया है। अब खुद सोहेल ने अपनी हालत को लेकर खुलासा किया है।
सोहेल खान ने हिंदुस्तान टाइम्स संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनके शरीर में आया यह बदलाव मुख्य रूप से रियलिटी शो 'द अलायंस' (The Alliance) में बिताए गए समय का नतीजा है, जहां उन्होंने बतौर वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट एंट्री ली थी।
सोहेल बोले कि उनका पहला रियलिटी शो अनुभव था, इसलिए शो के माहौल में ढलने में उन्हें थोड़ा समय लगा। सोहेल ने माना कि शुरुआती दिनों में उन्हें घर के अंदर थोड़ी घुटन महसूस हुई थी। उनकी यह समस्या तब और बढ़ गई जब शो के पहले ही हफ्ते में वह पेट के इन्फेक्शन का शिकार हो गए। सोहेल ने कहा, "शो के पहले हफ्ते में ही मुझे पेट में कीड़े लग गए थे।"
कॉम्पिटिशन की शुरुआत में ही बीमार पड़ने के बावजूद, सोहेल ने पांच हफ्तों तक अपना सफर जारी रखा। उन्होंने अपने साथी कंटेस्टेंट से मिले सपोर्ट और प्यार को शो में बने रहने का मोटिवेशन दिया। उन्होंने कहा, "मुझे आपको बताना चाहिए कि न सिर्फ मेरी सेहत को लेकर, बल्कि हर समय कंटेस्टेंट्स के प्यार और चिंता की वजह से मैं पांच हफ्ते तक घर पर रहा, हालांकि मैं पहले हफ्ते ही बीमार पड़ गया था।
इस बीमारी ने सोहेल को अपनी खाने-पीने की आदतों पर सख्त ध्यान देने के लिए मजबूर किया। उन्होंने अपनी डाइट को बेहतर तरीके से मैनेज किया, जिससे न केवल वह फिट हुए बल्कि उनका वजन भी तेजी से कम हुआ।
सोहेल खान ने सीधे तौर पर उन सभी दावों को खारिज कर दिया कि उन्होंने वजन घटाने के लिए किसी दवा या फैट बर्नर का इस्तेमाल किया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा, "कोई ओजेंपिक नहीं, कोई फैट बर्नर नहीं। मैं सिर्फ शुद्ध दिनचर्या का पालन कर रहा हूं और सभी से ढेर सारा प्यार पा रहा हूं।"
उनका वजन पहले भी द अलायंस पर चर्चा का विषय बन गया था, जब उनके भाई सलमान खान उन्हें सपोर्ट करने के लिए शो में गए थे। उस समय, सलमान ने बताया था कि सोहेल पहले ही 12 किलो वजन कम कर चुके हैं। रियलिटी शो पार्टी की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद ये अंदाजे फिर से सामने आए। लेकिन अब सोहेल खान ने सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
Updated on:
16 Aug 2026 09:38 am
Published on:
16 Aug 2026 09:26 am
