
How To Remove Super Glue From Skin: घर में छोटी-मोटी चीजों की रिपेयरिंग के लिए फेविकोल, फेवीक्विक या सुपर ग्लू (Super Glue) बेहद काम आता है। लेकिन कई बार इसे इस्तेमाल करते समय यह गलती से उंगलियों या स्किन पर चिपक जाता है। ऐसे में लोग घबराकर इसे जोर से खींचने या किसी नुकीली चीज से हटाने की कोशिश करते हैं, जिससे स्किन को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि सुपर ग्लू को स्किन से सुरक्षित तरीके से कैसे हटाया जा सकता है और किन गलतियों से बचना चाहिए।
अगर सुपर ग्लू आपकी स्किन पर लग गया है, तो सबसे पहले घबराएं नहीं। सुपर ग्लू का चिपकाव स्किन पर परमानेंट नहीं होता, इसलिए इसे आसानी से हटाया जा सकता है। अगर ग्लू जल्दी लगा है, तो प्रभावित हिस्से को 10 से 15 मिनट तक गुनगुने पानी में बॉडी वॉश, शैंपू या फेस वॉश मिलाकर भिगोकर रखें। इससे ग्लू धीरे-धीरे नरम होने लगता है। जब ग्लू ढीला पड़ने लगे, तब उसे हल्के हाथों से हटाने की कोशिश करें। इसे जबरदस्ती खींचने से बचें।
अगर ग्लू सूख चुका है, तो पेट्रोलियम जेली, हैंड लोशन, बेबी ऑयल, मिनरल ऑयल, नारियल तेल या ऑलिव ऑयल जैसी चीजें मददगार हो सकती हैं। इन्हें प्रभावित जगह पर लगाकर लगभग 10 मिनट तक छोड़ दें। इससे ग्लू की पकड़ कमजोर होने लगती है और उसे आसानी से हटाया जा सकता है।
ग्लू को हटाने के लिए आप एसीटोन युक्त नेल पॉलिश रिमूवर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कॉटन पर थोड़ी-सी मात्रा में एसीटोन लें और प्रभावित हिस्से पर धीरे-धीरे लगाएं। ग्लू नरम होने के बाद उसे सावधानी से हटाएं। इसके बाद हाथों को साबुन और पानी से धोकर मॉइस्चराइजर लगाएं, क्योंकि एसीटोन स्किन को ड्राई और इरिटेट कर सकता है।
सुपर ग्लू का इस्तेमाल हमेशा अच्छी रोशनी में करें और हाथों में दस्ताने पहनें। इसके साथ ही इसे बच्चों की पहुंच से दूर रखें। इस्तेमाल के बाद ढक्कन को अच्छी तरह बंद करें, ताकि दोबारा उपयोग करते समय दुर्घटना की संभावना कम हो।
अगर सुपर ग्लू आंख, नाक या मुंह के आसपास लग जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा अगर तेज दर्द, सूजन, सुन्नपन, खून का प्रवाह कम होना या एलर्जी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो भी डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर लिखा गया है। इसका उद्देश्य केवल सामान्य जानकारी प्रदान करना है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।