
Tamannaah Bhatia Skin Care Tips: अभिनेत्री तमन्ना भाटिया अपनी ग्लोइंग स्किन की वजह से अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी स्किन से जुड़ी बातें साझा कीं और बताया कि इसके पीछे का सफर आसान नहीं रहा। टीनएज में उनकी स्किन पर काफी ज्यादा दाने निकलते थे और कई साल तक उन्हें इसकी वजह समझ नहीं आई। करीब 20 की उम्र में उन्हें पता चला कि ग्लूटेन और डेयरी से बनी चीजें उनके शरीर को सूट नहीं करतीं। ऐसे में आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है।
पॉडकास्ट में तमन्ना ने बताया कि उन्होंने काम करना 15 साल की उम्र में शुरू कर दिया था। यह वो उम्र होती है जब शरीर में बदलाव शुरू ही होते हैं और समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है। एक्ट्रेस के मुताबिक, कभी नाक अलग दिखती थी, तो कभी जबड़े की शेप बदली-बदली लगती थी। वे मां से पूछती थीं कि क्या उनका चेहरा सच में बदल गया है।
ऊपर से चेहरे पर छोटे-छोटे दाने बार-बार निकलते थे और छूने पर स्किन में दर्द होता था। उन्हें लगा कि यह सब हार्मोनल बदलाव की वजह से है। इसलिए उन्होंने जांचें करवाईं और एलोपैथी में जो भी इलाज बताया गया, वो आजमाया। लेकिन उन्हें खास फायदा नहीं हुआ।
तमन्ना के अनुसार, उस दौर में फूड एलर्जी और इनटॉलरेंस को लेकर आज जितनी जानकारी नहीं थी। जब उन्होंने अपनी डाइट पर ध्यान देना शुरू किया और आयुर्वेदिक लाइफस्टाइल अपनाई, तब उन्हें समझ आया कि ग्लूटेन और डेयरी उनके लिए परेशानी की वजह हैं। यह करीब 20 साल की उम्र में हुआ। इन चीजों से दूरी बनाने के बाद उन्हें अपनी स्किन में फर्क नजर आया।
पिंपल्स सिर्फ खान-पान से नहीं होते। इनके पीछे हार्मोनल बदलाव, पीसीओएस, तनाव, कम नींद, गलत स्किनकेयर प्रोडक्ट्स, मेकअप और जेनेटिक्स जैसी वजहें भी हो सकती हैं। इसलिए अगर दाने बार-बार निकल रहे हैं या उनमें दर्द रहता है, तो सिर्फ अंदाजे से डाइट बदलने के बजाय स्किन स्पेशलिस्ट से सलाह लें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है और यह किसी डॉक्टर, डर्मेटोलॉजिस्ट या डायटीशियन की सलाह का विकल्प नहीं है। स्किन या पाचन से जुड़ी कोई भी समस्या होने पर या डाइट में बड़ा बदलाव करने से पहले विशेषज्ञ से सलाह लें।