
Teej Special Hairstyle: तीज आने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं, इसलिए महिलाओं ने इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। तीज के दिन ट्रेडिशनल आउटफिट पहनकर सोलह श्रृंगार के साथ सजना-संवरना लगभग हर महिला को पसंद होता है। लेकिन व्रत, पूजा और तैयार होने के चलते कई बार हेयरस्टाइल बनाने के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाता। ऐसे में आप गजरा हेयरस्टाइल से अपने ट्रेडिशनल लुक को कंप्लीट कर सकती हैं। आइए जानते हैं गजरे से जुड़े 5 ऐसे हेयरस्टाइल, जिन्हें आप इस फेस्टिव सीजन आसानी से बनाकर अपने लुक में चार चांद लगा सकती हैं।
अगर तीज के लिए आप गजरा खरीदना भूल गई हैं और घर पर सिर्फ एक गुलाब का फूल है, तो आप उससे भी बालों के लिए गजरे जैसा लुक बना सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले ऐसी मेटल की चूड़ी लें, जिसे आप अब इस्तेमाल नहीं करती हैं। इसके बाद चूड़ी को कटर की मदद से आधा कर लें। अब गुलाब की पंखुड़ियों को धीरे-धीरे चूड़ी में लगाना शुरू करें। पंखुड़ियों को इस तरह लगाएं कि चूड़ी का पूरा हिस्सा फूलों से कवर हो जाए और यह देखने में गजरे जैसा लगे। इसके बाद बालों में एक नॉर्मल बन बनाएं और तैयार किए गए इस फूलों वाले गजरे को बन के ऊपर लगा दें।
अगर आपको बालों में गजरा लगाना पसंद है, लेकिन थोड़ी देर बाद वह निकल जाता है, तो यह हैक आपके लिए है। सबसे पहले बालों को अच्छी तरह कंघी करके सेट कर लें। अब गजरे को एक क्लेचर में फंसा दें। इसके बाद जिस तरह आप आमतौर पर बालों में क्लेचर लगाती हैं, उसी तरह इसे भी बालों में लगा लें। इससे गजरा बालों में अच्छी तरह टिका रहेगा और बार-बार गिरने की टेंशन भी नहीं होगी।
अगर आपके बाल छोटे हैं या आप बालों को पूरी तरह खुला नहीं रखना चाहती हैं, तो हाफ बन के साथ गजरा लगा सकती हैं। इसके लिए एक कंगन में गजरे को डालकर दोनों तरफ से आधा बाहर निकाल लें। अब इसके ऊपर एक रबर बैंड लगा दें, ताकि गजरा अपनी जगह पर बना रहे। इसके बाद आधे बालों को लेकर कंगन के ऊपर वाले हिस्से से लें और जिस तरफ गजरा नहीं लगा है, उस तरफ से बालों को नीचे की ओर ले जाएं, जिधर गजरा लगा है। फिर इसे अच्छी तरह सिक्योर कर लें।
अगर आपको गजरा पसंद है लेकिन हर बार फ्रेश गजरा खरीदना मुश्किल लगता है, तो मार्केट में मिलने वाले फेक गजरा हेयर क्लिप भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आप बालों में गजरा लगाकर एक जैसा लुक देखकर बोर हो चुकी हैं, तो इस बार थोड़ा अलग ट्राई कर सकती हैं। गजरे को बालों में लगाने की जगह अपने इयरिंग के साथ स्टाइल करें।
इसके लिए गजरे को इयरिंग में लगाकर पीछे के आधे बालों में अच्छी तरह सिक्योर कर दें। इससे कानों से लेकर बालों तक एक सुंदर फ्लोरल टच मिलता है, जो ट्रेडिशनल कपड़ों के साथ काफी अलग और खूबसूरत नजर आ सकता है।