
5 Most Unique and Delicious Mangoes Worldwide: गर्मियों में आम का इंतजार हर किसी को रहता है, लेकिन दुनिया में कुछ ऐसी विदेशी Mango Varieties भी हैं जो सिर्फ अपने स्वाद ही नहीं बल्कि खुशबू, आकार और प्रीमियम क्वालिटी के लिए मशहूर हैं। मेक्सिको के Honey Mango से लेकर थाईलैंड के Nam Dok Mai तक, ये आम इतने खास माने जाते हैं कि इनकी कीमत और डिमांड दुनियाभर में अलग पहचान रखती है। आइए जानते हैं दुनिया के 5 सबसे यूनिक और स्वादिष्ट विदेशी आमों के बारे में।
मेक्सिको में मिलने वाले आमों में से अताउल्फो आम सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। इस आम का नाम मेक्सिको के कृषिविद अताउल्फो मोरालेस गोर्डिलो (Ataulfo Morales Gordillo) के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने सबसे पहले इस किस्म को विकसित किया था। यह मुख्य रूप से मेक्सिको के चियापास (Chiapas) राज्य में पैदा होता है और यह मेक्सिको की एकमात्र ऐसी आम की किस्म है जिसे Denomination of Origin का दर्जा प्राप्त है। यह मुख्य रुप से फरवरी-मार्च से लेकर अगस्त-सितंबर तक मिलता है।
इस आम में रेशा नहीं होता है और इसे 'हनी मैंगो' या 'शैंपेन मैंगो' भी कहा जाता है। यह अपने मीठे, शहद और वैनिला जैसे स्वाद और बेहद पतली गुठली के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इसके एक आम का वजन आमतौर पर 170 से 280 ग्राम के बीच होता है और इसके छिलके का रंग पकने पर सुनहरा-पीला हो जाता है।
मेक्सिको में इसे काटकर इसके ऊपर से 'ताजिन' (Tajín) छिड़क कर खाने के अलावा, इसका उपयोग स्मूदी, सालसा और मिठाइयां बनाने में भी किया जाता है।
काराबाओ आम (Carabao Mango), जिसे फिलीपीन आम या मनीला आम के नाम से भी जाना जाता है, अपने मीठे स्वाद, कम रेशे वाले गूदे और बेहतरीन सुगंध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी पसंद किया जाता है। इस आम को 1995 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा दुनिया के सबसे मीठे आम का खिताब दिया जा चुका है। यह खाने में बेहद रसीला, मक्खन जैसा मुलायम और बिना रेशे का होता है। पकने पर इसका रंग चमकीला सुनहरा-पीला हो जाता है, इसीलिए इसे जैम, सूखे मेवे और मिठाई बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
नाम डॉक माई थाईलैंड में आम की सबसे लोकप्रिय प्रीमियम किस्म होने के साथ ही इसे थाईलैंड के 'आमों का राजा' कहा जाता है। 'नाम डॉक माई' का थाई भाषा में अर्थ "फूल का मीठा रस" होता है। यह आम मध्यम से बड़े आकार का, लंबा और आगे से थोड़ा घुमावदार और चोंच के जैसे नुकीला होता है। पकने पर इसकी छिलका चमकीली सुनहरी-पीली हो जाती है। यह दुनिया के सबसे मीठे आमों में से एक है, जिसमें शहद जैसी मिठास और एक मनमोहक फूलों जैसी सुगंध होती है। इसका गूदा रेशा-रहित, मक्खन की तरह मुलायम और बहुत ही चिकना होता है। थाईलैंड की मशहूर 'मैंगो स्टिकी राइस' डिश में इसी आम का इस्तेमाल होता है।
केंसिंग्टन प्राइड ऑस्ट्रेलिया का सबसे लोकप्रिय और राष्ट्रीय आम है। इसे 'बोवेन' या 'बोवेन स्पेशल' आम भी कहा जाता है। यह आम मध्यम से बड़े आकार का होता है। इसके छिलके का रंग पीले से नारंगी-हरा होता है, जिसमें अक्सर लाल रंग की हल्की झलक होती है। इसका गूदा चमकीला पीला, अत्यंत रसीला, मीठा और थोड़ा खट्टा होता है। इसका स्वाद थोड़ा कॉम्प्लेक्स होता है, जिसमें आपको ट्रॉपिकल फ्रूट्स, खट्टेपन और मसालों का हल्का सा स्वाद मिलेगा। यह मुख्य रूप से सितंबर से फरवरी के बीच सबसे अधिक उपलब्ध रहता है।
R2E2 को दुनिया के सबसे बड़े Commercial Mango Varieties में गिना जाता है। इस एक आम का वजन एक किलो से भी ज्यादा हो सकता है। इसका छिलका लाल-नारंगी रंग का होता है और गूदा कम रेशे वाला होता है। यह लंबे समय तक खराब नहीं होता है।