
CM Yogi Inaugurated UP Mango Festival 2026 : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2026' का उद्घाटन किया। इस महोत्सव में आम की करीब 800 किस्में प्रदर्शित की गई हैं। इतना ही नहीं, यहां के आम वैश्विक बाजार में भी अपनी खास पहचान बना रहे हैं। सरकार द्वारा खासकर 'काकोरी' ब्रांड को प्रमोट किया जा रहा है और वैश्विक स्तर पर यह लोगों को काफी पसंद आ रहा है। आइए, यूपी के खास और स्वादिष्ट आमों की सूची पर एक नजर डालते हैं।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि करीब आधा किलो वजन के आमों को हाथ में उठाकर सीएम योगी मुस्कुरा रहे हैं। ये तस्वीरें उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की गई हैं।
तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, "आज लखनऊ में आयोजित 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' का शुभारंभ कर प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर निर्यात होने वाले आमों के वाहनों को फ्लैग ऑफ करने के साथ-साथ स्मारिका का विमोचन भी संपन्न हुआ। यह आम महोत्सव प्रदेश के साथ ही देश भर के अन्नदाता किसानों के लिए अपने उत्पाद की गुणवत्ता, नवाचार और समृद्ध कृषि को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच है। आयोजकों, सम्मानित बागवानों और प्रतिभागी किसानों को हार्दिक बधाई।"
राज्य सरकार 'काकोरी' ब्रांड के तहत दशहरी आम को प्रचारित कर रही है। इस आम को देश-दुनिया में लोग बड़े चाव से खाते हैं। मलिहाबाद के प्रसिद्ध दशहरी आम को जीआई (GI) टैग भी मिला हुआ है। दरअसल, इस ब्रांड का नाम काकोरी के अमर शहीदों के सम्मान में रखा गया है।
उत्तर प्रदेश के आमों का निर्यात करीब 11 देशों में किया जा रहा है। बेल्जियम, जापान, इटली, ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, कतर और रूस जैसे देशों के लोगों को यूपी के आमों का स्वाद काफी पसंद आ रहा है।
इन दिनों बाजार में खूब आम बिक रहे हैं। आपने स्वाद चखा भी होगा। आप अपने पसंदीदा आम का नाम बताना चाहते हैं कमेंट करें।