लाइफस्टाइल

Vatican City: दुनिया के सबसे छोटे देश वेटिकन सिटी घूमने से पहले जान लें ये 4 जरूरी बातें

Vatican City Travel Guide: अगर आप जल्द वेटिकन सिटी घूमने जाने का सोच रहे हैं, तो यहां बताई गई बातों को ध्यान में रखकर अपना ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
2 min read
Jul 12, 2026
Smallest Country In The World, Things To Know Before Visiting Vatican City
Vatican City ट्रेवल टिप्स (representative image) image credit chatgpt

Vatican City Tourist Places: अगर आपको ट्रैवलिंग का शौक है या आप नई और यूनिक जगहों को एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं, तो वेटिकन सिटी आपके लिए एक बेहतरीन जगह हो सकती है। इटली की राजधानी रोम के बीचों-बीच 0.49 वर्ग किलोमीटर में फैला वेटिकन सिटी दुनिया का सबसे छोटा और सबसे कम आबादी वाला स्वतंत्र देश माना जाता है। इसके साथ ही यह रोमन कैथोलिक चर्च का सबसे बड़ा धार्मिक केंद्र भी है। यही वजह है कि छोटा देश होने के बावजूद हर साल यहां लाखों लोग घूमने आते हैं। ऐसे में अगर आप भी यहां घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो वेटिकन सिटी से जुड़ी इन 4 बातों को आपको जान लेनी चाहिए।

दुनिया का सबसे छोटा देश है वेटिकन सिटी

वेटिकन सिटी दुनिया का सबसे छोटा स्वतंत्र देश है। इसका अपना प्रशासन, पुलिस, डाक सेवा, रेडियो सेवा और खास डिजाइन वाले यूरो सिक्के भी हैं। साल 1929 में लेटरन संधि के बाद इसे स्वतंत्र देश का दर्जा मिला। यही पोप का आधिकारिक निवास और रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्य केंद्र भी है।

इन जगहों को कर सकते हैं एक्सप्लोर

वेटिकन सिटी जाने वाले लोग सबसे ज्यादा सिस्टिन चैपल की छत देखना पसंद करते हैं। लेकिन यहां आप सेंट पीटर्स स्क्वायर, सेंट पीटर्स बेसिलिका और वेटिकन म्यूजियम भी घूम सकते हैं। वेटिकन म्यूजियम में पुनर्जागरण काल की पेंटिंग्स, रोमन मूर्तियां और मिस्र की प्राचीन कलाकृतियों का बड़ा संग्रह है। इसके अलावा सेंट पीटर्स बेसिलिका के गुंबद से वेटिकन सिटी और रोम का खूबसूरत नजारा भी आप देख सकते है।

कपड़ों का रखें ध्यान

वेटिकन सिटी धार्मिक स्थल होने के चलते यहां कपड़ों को लेकर नियम काफी सख्त हैं। अगर आप सेंट पीटर्स बेसिलिका या किसी दूसरे धार्मिक स्थल पर घूमने जा रहे हैं, तो ऐसे कपड़े पहनें, जिनसे कंधे और घुटने ढके हों। बहुत छोटे कपड़े या बिना बाजू वाले कपड़े पहनने से परहेज करें। इसके साथ ही आरामदायक जूते पहनें, क्योंकि यहां काफी ज्यादा पैदल चलना पड़ता है।

वेटिकन सिटी एक्सप्लोर करने का सही समय

यूरोप के सबसे ज्यादा घूमे जाने वाले पर्यटन स्थलों में वेटिकन सिटी भी शामिल है। इसलिए अगर आप भीड़ से बचना चाहते हैं या इसे अच्छे से एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो सुबह जल्दी घूमने जाएं। इससे आप बेसिलिका और म्यूजियम आराम से देख पाएंगे। इसके अलावा अगर आप पोप से मिलना चाहते हैं, तो बुधवार को होने वाले पापल ऑडियंस में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए टिकट फ्री होती है, लेकिन पहले से बुकिंग करानी पड़ती है।

Updated on:
12 Jul 2026 03:25 pm
Published on:
12 Jul 2026 03:17 pm