Bengal Election Candidate Wealth Comparison: आज के इस लेख में आइए जानते हैं कि बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी में से किसके पास ज्यादा प्रॉपर्टी है और दोनों में से कौन ज्यादा अमीर है।
Mamata Banerjee vs Suvendu Adhikari Assets: मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक, इस समय हर जगह बंगाल विधानसभा चुनाव की ही चर्चा है। सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले समय में राज्य में किसकी सरकार बनेगी। लेकिन इन सबके बीच, सबसे ज्यादा मुकाबला राज्य के दो दिग्गज नेताओं ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच देखा जा रहा है। लोग न सिर्फ इनकी राजनीति, बल्कि इनकी निजी जिंदगी और संपत्ति के बारे में भी जानने कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में आइए आज के इस लेख में जानते हैं कि इन दोनों नेताओं में से किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है और दौलत के मामले में कौन किस पर भारी है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं। चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के मुताबिक, साल 2024-25 में उनकी सालाना कमाई करीब 23.21 लाख रुपये रही। बैंक बैलेंस की बात करें, तो उनके पर्सनल अकाउंट में 12.36 लाख रुपये जमा हैं। चुनाव के खर्चों के लिए उन्होंने एक अलग बैंक खाता बनाया है, जिसमें सिर्फ 40,000 रुपये हैं। नामांकन भरते वक्त उनके पास हाथ में 75,700 रुपये कैश थे।
सालों तक मुख्यमंत्री रहने के बावजूद ममता बनर्जी के पास अपनी कोई कार नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि उनके नाम पर रहने के लिए न तो अपना कोई घर है और न ही कोई खेती वाली जमीन। गहनों के नाम पर उनके पास सिर्फ 9.75 ग्राम सोना है, जिसकी मार्केट वैल्यू लगभग 1.45 लाख रुपये है। कुल मिलाकर उनकी पूरी चल संपत्ति (Movable Assets) करीब 15.37 लाख रुपये है।
वहीं बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की सालाना कमाई में पिछले कुछ सालों में काफी इजाफा हुआ है। हलफनामे के अनुसार, साल 2024-25 में उनकी इनकम बढ़कर 17.38 लाख रुपये पहुंच गई है। अगर 2020-21 से इसकी तुलना करें, तो उस समय उनकी सालाना कमाई करीब 8.13 लाख रुपये थी, यानी उनकी इनकम पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है।
शुभेंदु अधिकारी की टोटल प्रॉपर्टी ममता बनर्जी के मुकाबले काफी ज्यादा है। हालांकि, 2021 के मुकाबले उनकी घोषित संपत्ति में कुछ कमी आई है। फिलहाल उनके पास कैश और बैंक बैलेंस (Movable Assets) मिलाकर करीब 24.57 लाख रुपये हैं। इसके अलावा, जमीन-जायदाद और मकान (Immovable Assets) के तौर पर उनके पास 46.21 लाख रुपये की संपत्ति है।