लाइफस्टाइल

साड़ी के साथ जैकेट या शॉल, सर्दियों में स्टाइलिश दिखने के लिए अपनाएं ये फैशन टिप्स

Saree With Jacket Styling Tips: सर्दियों में शादी या किसी फंक्शन में साड़ी पहनने का मन है, लेकिन ठंड से बचने के साथ-साथ स्टाइलिश भी दिखना चाहती हैं। तो यहां दिए गए आसान स्टाइलिंग टिप्स को फॉलो कर परफेक्ट लुक पा सकती हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:59 PM IST
Winter Saree Styling Tips
Winter के लिए Saree Styling Tips (screenshot) image credit youtube/PerkymegsHindi

Winter Saree Styling Tips: अगर आप सर्दियों के फंक्शन या शादी में साड़ी पहनना चाहती हैं, लेकिन ठंड की वजह से इसे पहनने से बच रही हैं, तो कुछ आसान स्टाइलिंग टिप्स आपके काम आ सकते हैं। साड़ी के साथ सही जैकेट, केप या शॉल को कैरी करके आप ठंड से भी बच सकती हैं और अपने लुक को स्टाइलिश भी बना सकती हैं। आइए जानते हैं, सर्दियों में साड़ी के साथ जैकेट और शॉल को किस तरह स्टाइल किया जा सकता है।

साड़ी के साथ ब्लेजर या क्रॉप्ड जैकेट पहनें

साड़ी को मॉडर्न और वार्म लुक देने के लिए आप ब्लेजर या क्रॉप्ड जैकेट ट्राई कर सकती हैं। दिन के फंक्शन में साड़ी से मिलते-जुलते कपड़े की क्रॉप्ड जैकेट अच्छी लगती है। वहीं शाम के कार्यक्रमों में टेलर्ड ब्लेजर ज्यादा स्टाइलिश लुक देता है। वेलवेट की जैकेट भी सर्दियों की शादियों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।

केप या लॉन्ग जैकेट भी है अच्छा विकल्प

अगर आपको साड़ी के साथ थोड़ा रॉयल लुक चाहिए, तो केप स्टाइल ब्लाउज या केप जैकेट चुन सकती हैं। ये कंधों और बाजुओं को कवर करने के साथ शाम के कार्यक्रमों में अच्छी लगती हैं। सिंपल साड़ी के साथ आप लॉन्ग जैकेट भी पहन सकती हैं। लेकिन ध्यान दें इसकी कढ़ाई या वर्क साड़ी से मेल खाता हुआ रखें, ताकि पूरा लुक एक जैसा दिखे।

शॉल को बनाएं दूसरा पल्लू

साड़ी के साथ पश्मीना या सिल्क शॉल को दूसरे पल्लू की तरह कैरी किया जा सकता है। इसके लिए शॉल को एक कंधे पर डालें, इससे पल्लू भी अपनी जगह पर रहता है। चाहें तो शॉल को दोनों कंधों पर केप की तरह भी डाल सकती हैं। भारी सिल्क या एम्ब्रॉयडरी वाली साड़ी के साथ प्लेन शॉल अच्छा लगता है, जबकि सिंपल साड़ी के साथ कढ़ाईदार शॉल पहनकर लुक को खास बनाया जा सकता है।

फुल स्लीव या हाई नेक ब्लाउज चुनें

सर्दियों में स्लीवलेस या डीप नेक ब्लाउज की जगह फुल स्लीव या हाई नेक ब्लाउज ज्यादा आरामदायक रहते हैं। इन पर जैकेट या शॉल कैरी करना भी आसान होता है। इसके अलावा ज्यादा ठंड लगती हो तो साड़ी के नीचे पतली थर्मल लेयर भी पहन सकती हैं, जो बाहर से दिखाई न दे।

रंगों का रखें सही मेल

जैकेट या शॉल का रंग साड़ी के साथ मैच या कॉन्ट्रास्ट करता हुआ रखें। भूरे, मैरून, पीच, आइवरी और हल्के हरे जैसे रंग ज्यादातर साड़ियों के साथ आसानी से जंच जाते हैं। भारी या चटक रंग की साड़ी के साथ जैकेट और शॉल सिंपल रखें। एक साथ बहुत ज्यादा लेयर्स पहनने से बचें, वरना साड़ी का लुक दब सकता है।

Updated on:
25 Nov 2026, 7:59 PM IST
Published on: