लखनऊ

समाजवादी पार्टी को लगा बड़ा झटका! राष्ट्रीय सचिव समेत 30 पदाधिकारी सुभासपा में हुए शामिल; लिस्ट में किस-किस का है नाम?

UP Politics: समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव समेत 30 पदाधिकारी सुभासपा में शामिल हो गए हैं। देखिए लिस्ट।
2 min read
May 08, 2026
30 samajwadi party officials including national secretary join subhaspa know the full list up politics
समाजवादी पार्टी को लगा बड़ा झटका! फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने राष्ट्रीय, प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर संगठन विस्तार करते हुए 13 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठन में नए चेहरों को मौका दिया गया है।

सुभासपा की ओर से जारी सूची में विभिन्न प्रकोष्ठों और मंचों में नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी का दावा है कि इससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ेगी।

सहाबुद्दीन अंसारी बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

जारी सूची के अनुसार बिजनौर निवासी सहाबुद्दीन अंसारी को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं देवरिया की सुनीता राजभर को महिला मंच का राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए यह नियुक्ति अहम साबित होगी।

औरैया के सीपीपी निषाद को युवा मंच का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सहारनपुर के उस्मान अहमद को युवा मंच का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी ने युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी है।

व्यापार और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में भी नियुक्तियां

गाजियाबाद के सतीश कुमार अग्रवाल को व्यापार प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि व्यापारी वर्ग के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण होगी।

आजमगढ़ के जावेद आलम को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही अमरोहा के बलिराज प्रजापति, आजमगढ़ के संतोष सिंह और सत्येंद्र प्रताप सिंह को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।

पश्चिमांचल युवा मंच को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष

हापुड़ के दीपक चौहान को पश्चिमांचल युवा मंच का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए युवा नेतृत्व को आगे लाया जा रहा है।

इसके अलावा मैनपुरी के शत्रुघ्न पाल, राजेंद्र सिंह राठौर और फिरोजाबाद के प्रदीप कुमार परमार को भी प्रदेश संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी।

सपा समेत कई दलों के नेता सुभासपा में शामिल

इसी बीच सुभासपा को एक और बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। समाजवादी पार्टी और बुनकर मजदूर विकास समिति से जुड़े करीब 30 पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सुभासपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर की मौजूदगी में सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। अरुण राजभर ने कहा कि पार्टी लगातार विस्तार कर रही है और विभिन्न वर्गों के लोग सुभासपा की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं।

जावेद आलम समेत कई बड़े नाम हुए शामिल

सुभासपा में शामिल होने वालों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जावेद आलम प्रमुख रहे। इसके अलावा बुनकर मजदूर विकास समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहाबुद्दीन अंसारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद नाजिम अंसारी, युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताजुद्दीन अंसारी और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष खालिद सैफी समेत कई नेताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन विस्तार और नए नेताओं की एंट्री से सुभासपा आगामी चुनावों से पहले अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की कोशिश में जुटी हुई है।