
Teacher Recruitment: 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर चल रहा अभ्यर्थियों का आंदोलन अब सिर्फ धरना स्थल तक सीमित नहीं रह गया है। पिछले 82 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने अपने साथी की शादी में भी आरक्षण का मुद्दा उठाया। प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी और आंदोलन के मीडिया प्रभारी अखिल कुमार की शादी में पहुंचे अभ्यर्थियों ने दूल्हा-दुल्हन के साथ मंच से अपनी मांगों को दोहराया। शादी समारोह में बैनर और पोस्टर के साथ आरक्षण के समर्थन में नारे लगाए गए।
अखिल कुमार की शादी में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से उनके साथी अभ्यर्थी पहुंचे थे। समारोह में सामान्य उत्सव के माहौल के बीच आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने दूल्हा-दुल्हन के साथ मंच पर खड़े होकर बैनर और पोस्टर दिखाए। इस दौरान ‘आरक्षण बचाओ’, ‘हक हमारा-आरक्षण हमारा’ और ‘लेकर रहेंगे आरक्षण’ जैसे नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने विशेष टोपी भी पहन रखी थी, जिसके जरिए उन्होंने अपनी मांगों के प्रति एकजुटता दिखाई। शादी समारोह में आए मेहमानों के बीच भी 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति का मामला चर्चा का विषय बना रहा। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे अपने साथी की खुशी में शामिल होने आए हैं, लेकिन भर्ती में अपने अधिकारों की लड़ाई को भी नहीं भूल सकते।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में ओबीसी वर्ग को मिलने वाले आरक्षण के लाभ में विसंगति हुई है। उनका कहना है कि इस मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति की ओर से भी परिणाम में संशोधन और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने से जुड़ी मांगों पर आदेश या संस्तुतियां जारी की गई हैं। आंदोलनकारी अभ्यर्थी चाहते हैं कि इन आदेशों और संस्तुतियों के अनुरूप भर्ती के परिणाम की समीक्षा की जाए और जिन पात्र अभ्यर्थियों को उनका हक नहीं मिला है, उन्हें नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही वे मामले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से आवाज उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
शादी के दौरान नवविवाहित अखिल कुमार और उनकी पत्नी अर्चना ने भी आंदोलन को लेकर अपनी बात रखी। दोनों ने कहा कि वे लंबे समय से अपने साथियों के साथ न्याय की इस लड़ाई में शामिल हैं। शादी के बाद जीवन की नई शुरुआत होने के बावजूद वे अपने साथियों और उनकी मांगों से अलग नहीं होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों इस संघर्ष में अभ्यर्थियों के साथ खड़े रहेंगे। जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रखने का उनका संकल्प है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि 82 दिनों से जारी धरने के दौरान अभ्यर्थियों ने नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ, दीपावली, भैया दूज और छठ जैसे पर्व भी धरना स्थल पर ही मनाए। ऐसे में जब आंदोलन से जुड़े साथी अखिल कुमार की शादी का अवसर आया तो प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से अभ्यर्थी समारोह में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने कहा कि साथियों ने शादी में पहुंचकर अखिल और अर्चना को नए जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मंच से आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग भी उठाई। उनके मुताबिक, यह प्रदर्शन इस बात का संदेश है कि अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है और वे अपनी मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि खुशी के इस मौके पर भी अभ्यर्थी अपनी मांग को नहीं भूले हैं। उनकी सरकार से अपील है कि 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति का जल्द समाधान किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को न्याय मिले। उनका कहना है कि अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांग उठा रहे हैं और अब इस मामले में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। शादी समारोह में हुआ यह प्रदर्शन आंदोलनकारियों की एकजुटता का प्रतीक बन गया। अभ्यर्थियों ने साफ किया कि उनके लिए यह सिर्फ भर्ती का मामला नहीं, बल्कि अपने अधिकार और न्याय की लड़ाई है।