
Lucknow Accident News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र स्थित मोहिद्दीनपुर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां खेलते समय घर के भारी लोहे के गेट के नीचे दबने से दो साल की मासूम बच्ची अन्वी की मौत हो गई। इस घटना ने पल भर में हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया की मासूम ने कुछ देर पहले ही अपने पिता के साथ खाना खाया और उसके बाद बाहर खेलने चली गई। मासूम अन्वी की अचानक मौत से परिवार सदमे में है।
मोहिद्दीनपुर निवासी सूरज अपनी पत्नी सीमा और दो बेटियों चार वर्षीय श्रेष्ठी और दो वर्षीय अन्वी के साथ रहते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे अन्वी ने अपने पिता के साथ खाना खाया और फिर घर के बाहर खेलने चली गई। इसी दौरान अचानक घर का भारी भरकम लोहे का गेट भरभराकर गिर पड़ा और नन्ही अन्वी उसके नीचे दब गई। परिजनों के मुताबिक बच्ची की मां सीमा अपनी बड़ी बेटी को ट्यूशन छोड़ने गई थी, उसी दौरान ये हादसा हुआ। सूरज कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
गेट गिरने की आवाज और बच्ची की चीख सुनकर परिजन तुरंत दौड़े और आनन-फानन में उसे गेट के नीचे से निकालकर गंभीर हालत में पीजीआई एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम अन्वी की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव को घर ले आए।
अस्पताल में बच्ची की मां सीमा का रो रोकर बुरा हाल था। वहीं चार साल की बड़ी बहन श्रेष्ठी बार बार अपनी छोटी बहन को खोज रही थी। उसकी मासूम बातों को सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
खबर अपडेट की जा रही है...