लखनऊ

‘ऊपर से दिखावटी लड़ाई, अंदर मिलकर काट रहे मलाई’, लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर पर अखिलेश यादव ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने UPEIDA के लिंक एक्सप्रेसवे टेंडर में चुनिंदा कंपनियों की मिलीभगत का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि अंदरखाने खेल चल रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 1:03 PM IST
Samajwadi Party President Akhilesh Yadav
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Photo IANS)

Akhilesh Yadav on Link Expressway Tender: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के टेंडर कुछ चुनिंदा कंपनियों को ही आपस में बांटे जा रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि बाहर से टेंडर की यह पूरी प्रक्रिया बहुत पारदर्शी दिखाई जाती है, लेकिन असली खेल तो अंदरखाने चल रहा है।

'ऊपर से दिखावटी लड़ाई, अंदर मिलकरकाट रहे मलाई'

अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कंपनियों से जुड़ी एक सूची साझा करते हुए भाजपा सरकार पर कंपनियों के साथ मिलीभगत और कमीशनखोरी का सीधा आरोप लगाया। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर में कुछ गिनी चुनी कंपनियों और भाजपा सरकार की मिलीभगत से काम आपस में बांटे जा रहे हैं। कंपनियों के बीच कहीं एक कंपनी कम बोली लगाती है तो कहीं दूसरी कंपनी को मौका मिल जाता है। उन्होंने इसे आपसी मिलीभगत बताते हुए कहा कि ऊपर से कंपनियों के बीच झूठा मुकाबला दिखाया जाता है लेकिन अंदरखाने सभी मिलकर फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस पूरे मामले में पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है।

AI वीडियो शेयर कर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने एक अन्य पोस्ट में AI से तैयार किया गया एक वीडियो साझा कर भी योगी सरकार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि, "भाजपा के लोग एक्सप्रेसवे नहीं, बल्कि अपने पैसे बनाते हैं।" अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए तमाम निर्माण कार्यों के पीछे भ्रष्टाचार ही एकमात्र मकसद रहा है।

अयोध्या में दीयों से तेल इकट्ठा करने का भी उठाया था मुद्दा

आपको बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या में दीपोत्सव के बाद दीयों से बचा हुआ सरसों का तेल बटोरने को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किए थे जिसमें कुछ लोग गरीब महिलाओं और बच्चों को डंडों से पीटते दिखाई दे रहे थे। अखिलेश ने दावा किया था कि प्रदेश में सपा की PDA सरकार बनने पर गरीबों को राशन के साथ सरसों का तेल भी दिया जाएगा। हम एक ऐसी अयोध्या बनाएंगे, जहां कोई भी अहंकारी, तेल बटोरती किसी गरीब स्त्री या बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज्जत और उत्पीड़ित नहीं करेगा। हम सरकार में आकर राशन में ‘तेल-घी’ भी देकर शरीर की पौष्टिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा!