
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व CM अखिलेश यादव ने BJP पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि BJP अब एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि 'राजनीतिक गैंग' बन चुकी है। जिसका एजेंडा समाज में नफरत फैलाना और सामाजिक सौहार्द को खत्म करना है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार में अवैध कब्जे, भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की लूट चरम पर है। सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार में भूमाफिया खुलेआम सक्रिय है। सरकारी जमीनों, तालाबों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर कब्जे हो रहे हैं। सरकार में असीमित लूट और भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि हर विभाग में घोटाला और लूट का सिलसिला जारी है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पूर्व CM ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मेहनती और संघर्षशील हैं। जनता अब प्रदेश सरकार को हटाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब किसानों को राहत, युवाओं को रोजगार, छात्रों को लैपटॉप के साथ जनता को मुफ्त सिंचाई और इलाज की सुविधा दी गई थी। जनता को वही भरोसा फिर से समाजवादी पार्टी पर है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच कार्यकर्ता जाएं। पार्टी की नीतियों को समझाएं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी करने से बचें।
अखिलेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी की वजह से जनता का जीवन कठिन हो गया है। सरकार की नीतियों से किसान, व्यापारी और नौजवान सभी वर्ग त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाकर 'सामाजिक न्याय का राज' स्थापित करेगी, जिसमें हर वर्ग को न्याय और सम्मान मिलेगा।