
Akhilesh Yadav: दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर जोरदार पलटवार किया है। सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है और केंद्र सरकार के 'वन नेशन वन इलेक्शन' के प्रस्ताव को एक बड़ी राजनीतिक साजिश करार दिया है।
हिरासत और प्रदर्शन की तस्वीरें साझा करते हुए अखिलेश यादव ने अपने X हैंडल पर लिखा कि, "जो देश की खातिर हैं लड़ते वो गिरफ़्तारी से नहीं हैं डरते BJP ही CEC है। देश का एकमत, CEC दे त्यागपत्र! ‘ONE NATION, ONE ELECTION’ की थोथी बात करनेवालों का असली मंसूबा और ‘चंडीगढ़ी चाल’ ये है कि एक बार में ही चुनाव कराकर सब निपटा दो, बार-बार घपला करने की ज़रूरत ही न पड़े।" उन्होंने सीधे तौर पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे देश का यह एकमत है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत अपना त्यागपत्र दे देना चाहिए।
केंद्र सरकार के 'वन नेशन वन इलेक्शन' प्रस्ताव पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने इसे चंडीगढ़ी चाल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस थोथी बात को करने वालों का असली मंसूबा यह है कि एक ही बार में चुनाव कराकर सब निपटा दिया जाए ताकि उन्हें बार बार घपला करने की जरूरत ही न पड़े। उन्होंने कहा कि घपला घोटाला जितनी कम बार किया जाएगा उसके पकड़े जाने की आशंका भी उतनी ही कम रहेगी।
सपा प्रमुख ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक नया नारा दिया। उन्होंने कहा कि दरअसल वन नेशन वन इलेक्शन की जगह इन भाजपाइयों को 'वन्स करप्शन वन्स इलेक्शन' कहना चाहिए। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के अंत में बड़ा दावा करते हुए लिखा कि इसका सीधा सा मतलब यह है कि अब केवल एक और बार ही चुनाव करवाने की बड़ी साजिश रची जा रही है और इसके बाद देश में फिर कभी चुनाव होगा ही नहीं।