
Akhilesh Yadav Reacts on Gorakhpur JCB Accident: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथयात्रा के दौरान JCB की चपेट में आने से छात्र की मौत के मामले में सियासी बयानबाजी जारी है। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से पार्टी के सभी लोग आहत हैं और पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले को लेकर हो रही बयानबाजी पर पलटवार करते हुए BJP पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने पार्टी के लोगों से पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को परिवार की हर संभव सहायता करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। अखिलेश यादव की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जनसभा के दौरान इस हादसे को लेकर सपा को घेरते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी नेताओं के पास संवेदना के एक शब्द भी नहीं था।
इस घटना पर हो रही सियासत को लेकर अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोगों को यह याद रखना चाहिए कि, उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में एक युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसे दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि शोक का नाटक करने वालों का स्वांग अब जनता अच्छी तरह समझ चुकी है।
दरअसल बुधवार को गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा और रोड शो के दौरान 13-14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। छात्र के परिजनों का आरोप है कि वह अपनी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहा था, तभी रोड शो के पीछे तेज रफ्तार से आ रही फूल बरसाने वाली JCB ने उसे कुचल दिया। गंभीर हालत में छात्र को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था और कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मिलने की बात कहते हुए प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।