लखनऊ

‘बुलेटप्रूफ जैकेट मिली तो पत्रकारों को दे दूंगा’, बुलेटप्रूफ जैकेट पर अखिलेश यादव का ने दी प्रतिक्रिया

Akhilesh Yadav Statement: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर कहा कि, 'मुझे अभी तक बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं मिली है, अगर मिलेगी तो मैं आपको दे दूंगा...क्योंकि आपने यह सवाल पूछा है।' साथ ही उन्होंने भाजपा और CM योगी पर बढ़ती महंगाई, पेट्रोल, डीजल और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी तंज कसा है।
2 min read
Aug 22, 2026
Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Akhilesh Yadav Statement on Bulletproof Jacket: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार द्वारा दी जाने वाली बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। अखिलेश ने शनिवार को साफ कर दिया है कि उन्हें अभी तक कोई बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं मिली है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर सरकार की तरफ से उन्हें जैकेट मिलती भी है तो, वह उसे खुद नहीं पहनेंगे बल्कि पत्रकारों को दे देंगे। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य सरकार आगामी चुनावों के मद्देनजर कइ प्रमुख नेताओं को सुरक्षा कारणों से बुलेटप्रूफ जैकेट देने की तैयारी में है।

52 नेताओं को जैकेट दे रही है योगी सरकार

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में 52 नेताओं और महत्वपूर्ण लोगों को बुलेटप्रूफ जैकेट वितरित की जाएगी। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती शामिल हैं। सुरक्षा श्रेणी के मुताबिक जैकेट वितरण दो चरणों में किया गया है जिसमें, पहले चरण में 8 और दूसरे में 44 नेताओं को जैकेट दी जाएगी। सुरक्षा मुख्यालय ने एहतियात के तौर पर करीब 10 लाख रुपये की लागत से इन जैकेटों की खरीद की है। इस लिस्ट में जयवीर सिंह, सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, ओम प्रकाश राजभर, डॉ संजय निषाद जैसे मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। आगामी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह अहम कदम उठाया है।

महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के उपयोग की नीति पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की यह नीति केवल बड़े कारोबारियों को सीधा फायदा पहुंचा रही है जबकि आम उपभोक्ताओं को इसके लिए भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि वे ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए पेट्रोल में एथेनॉल मिला रहे हैं और अपना लाभ अधिकतम करने के लिए चीनी की कीमतें भी लगातार बढ़ा रहे हैं। अखिलेश ने सरकार से सीधा सवाल पूछा कि आखिर जनता की गाढ़ी कमाई का यह पैसा किसकी जेब में जा रहा है।

अखिलेश यादव ने सत्ताधारी पार्टी पर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां बनाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि त्योहारों के करीब आते ही सभी जरूरी चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। अखिलेश ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य सामाजिक न्याय पर आधारित सरकार बनाना और PDA के साथ मजबूती से खड़े रहना है।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर जताई चिंता

सपा प्रमुख ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकारी प्राथमिक शिक्षा को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। अखिलेश ने अपनी पिछली सरकार के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी ढांचे और शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए कई अहम कदम उठाए गए थे। अखिलेश ने जनता से वादा किया कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में वापस आती है तो उनकी पार्टी विद्यालयों की स्थिति में बड़े स्तर पर सुधार करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ पौष्टिक भोजन भी मिल सके।

Also Read
View All