
जानिए कौन है सपना यादव (फोटो- पत्रिका)
SPPresident Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान एक छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में BTC पास छात्रा सपना यादव ने नौकरी की मांग करते हुए अखिलेश यादव को अपने कान की बाली देने की पेशकश की थी। आइए जानते हैं कि आखिर सपना यादव कौन हैं और उन्होंने ऐसा क्यों किया?
कानपुर देहात के पास बिल्हौर स्थित ककवन रोड कस्बे की रहने वाली सपना यादव इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सपना ने साल 2018 में अपनी BTC की ट्रेनिंग पूरी कर ली थी लेकिन 6 साल बीत जाने के बाद भी प्राथमिक शिक्षक भर्ती न आने के कारण वह अभी तक बेरोजगार हैं। सपना के पिता एक शिक्षक के पद से रिटायर हो चुके हैं। उनकी एक बहन भी शिक्षक है जबकि भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। लगातार शिक्षक भर्ती न आने से सपना काफी हताश और परेशान चल रही हैं।
बीते 15 अगस्त को जब अखिलेश यादव रसूलाबाद के दौरे से वापस लौट रहे थे तब ककवन रोड पर सपना ने उनका काफिला रुकवा लिया। सपना ने अखिलेश यादव से संसद और विधानसभा में BTC अभ्यर्थियों की नौकरी का अहम मुद्दा उठाने की गुहार लगाई। बातचीत के दौरान जब सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार बनने पर ही इस मामले में कुछ किया जा सकता है तो सपना को लगा कि शायद अखिलेश यादव राजनीतिक या आर्थिक रूप से कुछ बेबस हैं।
अखिलेश यादव की बातें सुनकर सपना ने तुरंत अपने कान की बाली निकाली और उन्हें देने की कोशिश की। सपना का सोचना था कि इस बाली को बेचकर जो भी आर्थिक मदद मिलेगी वह चुनाव लड़ने और सरकार बनाने के काम आ सकती है। हालांकि अखिलेश यादव ने उनकी बाली लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने सपना को भरोसा दिलाया कि भविष्य में सरकार बनने पर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सपना यादव किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ी हैं। प्रदेश की मौजूदा कानून-व्यवस्था को लेकर सपना का कहना है कि सरकार की कानून-व्यवस्था बिल्कुल ठीक है लेकिन युवाओं के लिए रोजगार भी जरूरी है। उनका मानना है कि समय पर सरकारी नौकरी न निकलने के कारण प्रदेश के होनहार युवाओं को रोजगार के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। साथ ही शिक्षक भर्ती नहीं आने से उनके जैसे कई अभ्यर्थी परेशान हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
20 Aug 2026 11:56 am
Published on:
20 Aug 2026 11:51 am
