
Akhilesh Yadav Press Conference: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता की। इस दौरान सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी, सीएम योगी और चुनाव आयोग के आंकड़ों पर एकबार फिर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की बात कह रहे हैं, जबकि चुनाव आयोग के अधिकारी करीब ढाई करोड़ मतदाताओं के गायब होने की जानकारी दे रहे हैं। ऐसे में झूठ कौन बोल रहा है?
अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के स्तर पर माहौल बनाकर फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि रोजाना पहले के मुकाबले 22 गुना ज्यादा फॉर्म-6 भरे जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या कम हुई थी, वहां अब अचानक वोट बढ़ रहे हैं। अखिलेश के मुताबिक, 17 नवंबर तक 55,884 मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाए जा चुके हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायतें खासतौर पर शहरी विधानसभा क्षेत्रों से सामने आई थीं। अब ग्रामीण इलाकों में भी मतदाताओं की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने डुप्लीकेट वोटरों को लेकर की गई शिकायतों पर भी सवाल उठाए और कहा कि अब तक इन शिकायतों पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ अधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग पर भी ध्यान नहीं दे रहा है। अखिलेश ने 15 नवंबर को हुए तबादलों का जिक्र करते हुए कहा कि आयोग को इस मामले में भी नजर रखनी चाहिए।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल की तरह चुनाव लूटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाहर से ऐसे लोग लाए जा रहे हैं, जिनका मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं है। अखिलेश ने दावा किया कि अभी आंकड़ों का खेल देखने को मिलेगा। इस दौरान परिसीमन को लेकर भी अखिलेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उनका आरोप है कि सरकार यह कदम केवल उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतने के लिए उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब तक जो बड़े फैसले ले चुकी है, उनसे आम जनता को कोई फायदा नहीं हुआ है।
विपक्षी गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बारे में सभी दल मिलकर बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी होंगे। सपा भाजपा की हर रणनीति पर नजर रख रही है और मतदाता सूची को ठीक कराने के लिए भी काम कर रही है। अखिलेश ने परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयक पर कहा कि इससे यह साफ हो जाएगा कि कौन सा दल किसके साथ खड़ा है।
प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद राजनीतिक प्रदूषण बढ़ा है। मुख्यमंत्री पर लोगों को सत्ता के दम पर डराने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि, उनका प्रिय खेल बुलडोजर चलाना है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को अपनी हार का अंदाजा हो गया है। गोरखपुर में हुई एक रैली के बाद ही सरकार घबराई हुई नजर आ रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भूमि, जल और वायु प्रदूषण तो है ही मगर भाजपा के आ जाने के बाद राजनीतिक प्रदूषण भी बहुत बढ़ा है। उस राजनीतिक प्रदूषण को खत्म करने के लिए, उसका सफाया करने के लिए हम समाजवादी एकजुट होकर उनका सहयोग करने का काम करेंगे।
मतदाता सूची में गड़बड़ी रोकने के लिए अखिलेश यादव ने आधार आधारित कार्ड जारी करने और वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों का बायोमेट्रिक डेटा उपलब्ध है, इसलिए मतदाता पहचान के लिए बायोमेट्रिक जांच भी कराई जा सकती है।अखिलेश ने सवाल उठाया कि सरकार इस व्यवस्था को लागू क्यों नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि आज तकनीक इतनी विकसित हो चुकी है कि आधार और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाएं आसानी से लागू की जा सकती हैं। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के लोग चुनाव के दिन मशीनों के जरिए फर्जी वोटर आईडी और आधार कार्ड तैयार कर लेते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए उन्होंने मतदाता पहचान पत्र को धातु का बनाए जाने की मांग की। उनके मुताबिक, इससे नकली पहचान पत्र तैयार करने की आशंका कम होगी और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।