लखनऊ

इस बयान पर अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा, कहा- जनता माफी मांगे सरकार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नीति आयोग के अमिताभ कांत के बयान को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है
2 min read
Apr 25, 2018
Akhilesh Yadav

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नीति आयोग के अमिताभ कांत के बयान को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। गौरतलब है कि नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में कहा था कि सामाजिक मापदंडों के आधार पर बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान जैसे राज्य भारत को पिछड़ा बना रहे हैं। उनके इसी बयान पर अखिलेश यादव ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि 'आज ये कहा जा रहा है कि बिहार, एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़, यूपी जैसे राज्यों की वजह से देश पिछड़ रहा है। अगर सरकार विकास के समान अवसर सुनिश्चित करती तो ऐसा बयान नहीं दिलवाती। ये इन राज्यों में बसनेवाली जनता का घोर अपमान है। सरकार को इन राज्यों के निवासियों से माफ़ी मांगनी चाहिए।'

यूपी सरकार की योजनाएं सिर्फ फाइलों में
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गांवों में रात्रि विश्राम के कार्यक्रम को ढोंग करार दिया था। उन्होंने कहा कि एक ही रात में मुख्यमंत्री को अंदाजा हो गया होगा कि उनके सरकार की योजनायें सिर्फ फाइलों में ही फल-फूल रही हैं, धरातल पर कहीं नहीं हैं। हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बीजेपी सरकार ने अब तक प्रदेश के लिये कुछ नहीं किया है।

क्या कहा था नीति आयोग के अमिताभ कांत ने
नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने कहा था कि पश्चिम और दक्षिण के राज्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानव इंडेक्स में काफी पिछड़े राज्यों (बिहार, एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़, यूपी) की दशा सुधारने के लिये सरकार ने यहां बिजनेस को बढ़ावा दिया है। हम जिला स्तर पर भी कार्यक्रम कर लोगों को जागरूर कर रहे हैं। लेकिन अभी शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर और काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों का आलम ये है कि कक्षा पांच का बच्चा कक्षा दो का सवाल नहीं हल कर पाता, वह अपनी मातृभाषा तक को नहीं जानता। इसमें और सुधार की जरूरत है।

Published on:
25 Apr 2018 11:29 am