
लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादवगुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। हालांकि, वे सिर्फ पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में ही चुनावी रैली करेंगे। बताते चलें कि पहले चर्चा थी कि अखिलेश यादव गुजरात में कांग्रेस के पक्ष में भी प्रचार कर सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि सपा सुप्रीमो कांग्रेस को समर्थन देंगे या नहीं। पार्टी सूत्रों की मानें तो अखिलेश यादव गुजरात में चार दिन चुनावी जनसभा व रैलियां करेंगे। अखिलेश चार दिसंबर से सात दिसंबर तक गुजरात दौरे पर रहेंगे और सपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे। अखिलेश यादव की पहली चुनावी सभा चार दिसम्बर को जाम नगर में होगी।
कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे या नहीं अभी तय नहीं
मालूम हो कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की दोस्ती सामने आई थी। दोनों ही नेताओं ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। हालांकि, मोदी लहर में इन दोनों नेताओं को मुंह की खानी पड़ी थी। वहीं, अभी कुछ दिनों पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि वह गुजरात चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे, लेकिन अभी तक पार्टी की तरफ से सिर्फ उनके सपा प्रत्याशियों के प्रचार की बात ही सामने आई है। ऐसे में यह तय नहीं हो पा रहा है कि वह कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे या नहीं।
अखिलेश चार दिन रहेंगे गुजरात में
पार्टी सूत्रों के मुताबिक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चार दिसंबर से सात दिसंबर तक गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे इन चार दिनों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रैली और सभा कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। मालूम हो कि गुजरात में पांच विधानसभा सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वे भाजपा की सांप्रदायिक और विघटनकारी राजनीति के विरुद्ध धर्म निरपेक्ष और लोकतांत्रिक ताकतों को बल देने के लिए गुजरात की जनता का आह्वान करेंगे।
भाजपा की कथनी और करनी में बताएंगे अंतर
चौधरी ने बताया कि अखिलेश गुजरात की जनता को बताएंगे कि भाजपा किसान, नौजवान, अल्पसंख्यक और विकास विरोधी है। इसने यूपी में सपा सरकार की सभी जनहित की योजनाओं को बंद कर दिया है। मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि भाजपा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुजरात में अपना स्टार प्रचारक बनाया है। सीएम योगी उत्तर प्रदेश का काम छोड़कर जनता को गुमराह करने गुजरात पहुंच गए हैं। अखिलेश यादव गुजरात की जनता को बताएंगे कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने जनता से किए गए चुनावी वादों में एक भी वादा पूरा नहीं किया है।