लखनऊ

Amit Shah UP Visit: ‘2027 में फिर सरकार बनाएंगे और UCC लागू करेंगे’, लखनऊ में अमित शाह का बड़ा ऐलान

Amit Shah UP Visit: गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में ऐलान किया है कि अगर 2027 में यूपी में फिर से भाजपा की सरकार बनती है तो समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। पूरी खबर पढ़िए...
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 3:07 PM IST
Amit Shah
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह(फोटो-ANI)

Amit Shah UP Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, "उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पांव की तरह पूरी तरह अडिग है और इसे कोई भी हिला नहीं सकता।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी मनमुटाव भूलकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं।

नोटबंदी के तुरंत बाद UP में बनाई थी सरकार

शाह ने 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान आए नतीजों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय मैं भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था। चुनाव के दौरान ही देश में नोटबंदी हुई थी और कई लोग कह रहे थे कि भाजपा अब चुनाव हार जाएगी। इसके बावजूद पार्टी ने 40 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए और सबसे ज्यादा सीटें जीतकर यूपी में अपनी सरकार बनाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आप वही कार्यकर्ता हैं जिन्होंने लोकसभा चुनाव में 73 सीटें और विधानसभा चुनाव में 312 सीटें जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

यूपी बना देश का सबसे बड़ा इन्वेस्टर हब

अमित शाह ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को इनवेस्टर समिट करने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था। लेकिन आज योगी सरकार में स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और उत्तर प्रदेश खुद देश का सबसे बड़ा इन्वेस्टर हब बन चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश धरातल पर उतर भी चुका है।

'अखिलेश बाबू ने केवल अपनी गरीबी दूर की'

अमित शाह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, "अखिलेश बाबू आप हमेशा गरीबों की बात करते हैं लेकिन, जब आप सत्ता में थे तो आपने गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया और केवल अपनी गरीबी दूर करने का काम किया।" शाह ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की राजनीति को प्रभावित करने वाले 3 बड़े राहु परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जातिवाद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन बुराइयों को राजनीति से दूर करने का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 साल तक केवल भाजपा की सरकार रहने वाली है।

योगी सरकार की जमकर तारीफ की

कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार की जमकर तारीफ की। अमित शाह ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध, दंगे और अराजकता से जुड़ी थी। शाह ने योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश से माफिया राज का पूरी तरह सफाया हो चुका है और राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।