लखनऊ

अतीक ने गांधी परिवार के रिश्तेदार की जमीन पर किया था कब्जा, सोनिया को ये करना पड़ा

Atiq Ahmed : कुख्यात माफिया डॉन अतीक अहमद ने 16 साल पहले गांधी परिवार के रिश्तेदार की जमीन पर कब्जा कर लिया था। उस समय अतीक फूलपुर लोकसभा सीट से सपा सांसद था। सोनिया गांधी को इसमें दखल देना पड़ा था।
2 min read
• •
Updated: 22 Apr 2023, 8:26 AM IST
Atiq Ashraf Murder

Atiq Ahmed : कुख्यात माफिया से राजनेता बने अतीक अहमद का आतंक 44 साल से यूपी में चल रहा था। अतीक अहमद अच्छी जमीनों को सस्ते दामों में खरीद लेता था। जमीन मालिक के नहीं मानने पर कब्जा कर लेता था। ऐसे ही 16 साल पहले यानी साल 2007 में अतीक ने प्रयागराज के पॉश इलाके में गांधी परिवार के रिश्तेदार की जमीन पर अपने गुर्गों के जरिए जबरन कब्जा कर लिया था।

फूलपुर सीट से सपा सांसद था अतीक
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रयागराज के पॉश सिविल लाइंस इलाके में एक संपत्ति को लेकर माफिया डॉन की कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की रिश्तेदार वीरा गांधी से भी लड़ाई हुई थी। प्रयागराज में वीरा गांधी का परिवार सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित पैलेस टॉकीज का मालिक है।

यह घटना 2007 की है। अतीक अहमद ने अपने गुर्गों के जरिए उस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। इस जमीन के आगे वीरा गांधी की पैलेस टॉकीज थी। उसे बंद करना पड़ गया था। इस समय अतीक अहमद समाजवादी पार्टी से फूलपुर का सांसद था।

तत्कालीन सपा सरकार और जिला प्रशासन ने नहीं की थी कार्रवाई
वीरा गांधी ने तत्कालीन सपा सरकार और जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की, लेकिन अतीक के मामले में हाथ डालने की न तो तत्कालीन सपा सरकार हिम्मत जुटा सकी और ना ही प्रशासन ने कुछ किया। इसके बाद वीरा गांधी दिल्ली के लिए रवाना हुईं और कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। उस सयम सोनिया गांधी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए की अध्यक्ष थीं। उनकी दखल के बाद अतीक अहमद को जमीन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

अतीक ने प्रयोग के तौर पर कब्जाई थी जमीन
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि पूर्व पुलिस महानिरीक्षक यानी आईजी लालजी शुक्ला ने बताया कि वीरा गांधी के परिवार के पास प्रयागराज में कई जमीनें थीं। उन्होंने कहा, "अतीक जमीन पर कब्जा करना चाहता था, क्योंकि यह पैलेस टॉकीज के पीछे स्थित थी। उसने इसे एक प्रयोग के तौर पर आजमाया। अगर उसने जमीन पर सफलतापूर्वक कब्जा कर लिया होता तो वह वीरा गांधी के परिवार के स्वामित्व वाली अन्य जमीनों पर भी कब्जा कर लेता।"

Updated on:
22 Apr 2023, 8:26 AM IST
Published on: