लखनऊ

दबंग ने भाकियू जिला उपाध्यक्ष को धुना, पुलिस ने कहा- पड़ोसी महिलाओं से हुई मारपीट

यूपी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरेराह महिलाओं से मारपीट और छेड़छाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
2 min read
Oct 07, 2017
bhartiya kisan union

कन्नौज. उत्तर प्रदेश सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद यूपी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरेराह महिलाओं से मारपीट और छेड़छाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कन्नौज में ऐसे ही दो मामले इस बात की गवाही दे रहे हैं। उधार रुपयों का तकादा करने के बाद दबंग ने भाकियू महिला शाखा की जिला उपाध्यक्ष को धुन दिया, दूसरे मामले में भी रुपये के लेन-देन को लेकर पड़ोसियों ने महिला को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।

पहले मामले में कोतवाली गुरसहायगंज के मोहल्ला अफसरी निवासी निर्मला देवी भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) में जिला उपाध्यक्ष हैं। ग्राम सभापुर निवासी हरविलास ने निर्मला के पति को 2000 रुपया उधार दिया था। निर्मला देवी की मानें तो वह तिर्वा से दवाई लेकर घर लौट रही थी, तभी नंगापुरवा रोड पर ठाकुर जी आश्रम के पास हरविलास ने महिला को घेरकर रुपयों का तगादा किया।

आरोपी ने लात-घूंसों से पीटा
निर्मला ने बताया कि उन्होंने आरोपी से कहा कि लेनदेन का हिसाब पति से करे। इस पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उस पार हमला कर दिया और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। मारपीट देख राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष मो. शमीम सिद्दीकी भी पहुंच गए।

आरोप बेबुनियाद : चौकी प्रभारी
कस्बा चौकी प्रभारी ने बताया भाकियू जिला उपाध्यक्ष निर्मला देवी के आरोप बेबुनियाद हैं। महिला उपाध्यक्ष की मोहल्ला अफसरी निवासी पड़ोसी महिलाओं से मारपीट हुई है। जांच कर आगे की कार्रवाई होगी।

गाली देने से मना किया तो...
दूसरे मामले में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी रामवती ने पुलिस को दी तहरीर में उजागर किया कि वह दरवाजे पर बैठी थी उसी समय दिलीप, रग्घु, रेखा व सोनी ने रुपये के लेन-देन को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर उक्त लोगों ने एक राय होकर उस पर हमला बोल दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों के आ जाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

Updated on:
07 Oct 2017 01:35 pm
Published on:
07 Oct 2017 11:37 am