लखनऊ

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर SP और BJP आमने सामने, केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल बोले- दर्शन करना उनका निजी फैसला

Akhilesh Yadav Ayodhya Visit Reactions: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासी बयानबाजी तेज है। अखिलेश यादव के दौरे से पहले केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और सपा सांसद राजीव राय ने प्रतिक्रिया दी है। जानिए क्या कुछ कहा...
2 min read
• •
Oct 04, 2026
SP Singh Baghel, Rajeev Rai, akhilesh yadav ayodhya visit, BJP, Samajwadi Party, UP News
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और सपा सांसद राजीव राय (PC: IANS)

Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को अयोध्या जाने वाले हैं। उनके दौरे को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने प्रतिक्रिया दी है।

अयोध्या जाना और दर्शन करना अखिलेश का निजी फैसला

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, "हमारे लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी इच्छा के अनुसार कहीं भी आने जाने का पूरा अधिकार मिला हुआ है। अयोध्या जाना अखिलेश यादव का लोकतांत्रिक अधिकार है। बघेल ने स्पष्ट किया कि वह वहां जाकर राम मंदिर में दर्शन करते हैं या नहीं यह पूरी तरह से उनका अपना निजी निर्णय है।"

भगवान राम ने दी थी भ्रष्टाचार पकड़ने की समझ

वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने अयोध्या दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया। राजीव राय ने कहा कि, "अयोध्या में जो चोरी और भ्रष्टाचार हो रहा था उसे पकड़ने की समझ भगवान राम ने ही अखिलेश यादव को दी थी। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रमुख ने ही उस चोरी का पर्दाफाश किया। राय ने आगे कहा कि अब जब वहां से कुछ दोषियों को हटा दिया गया है तो इस बात की पूरी संभावना है कि अखिलेश यादव भगवान राम के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए अयोध्या जा रहे हैं।"

8 अक्टूबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश

अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को अयोध्या पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होंगे। अखिलेश यादव के जारी कार्यक्रम में राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। इसी वजह से उनके अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है। अयोध्या में संतों और अन्य नेताओं की ओर से अखिलेश यादव से लगातार रामलला के दर्शन करने की अपील की जा रही है।

चुनाव से पहले अयोध्या दौरे के सियासी मायने

अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं। समाजवादी पार्टी ने अयोध्या विधानसभा सीट से पवन पांडेय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में अखिलेश का अयोध्या जाना धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ सियासी तौर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि अखिलेश यादव अयोध्या में राम मंदिर जाते हैं या अपने तय कार्यक्रम तक ही सीमित रहते हैं।