
Vinod Tawde UP Incharge: भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए चुनावी राज्यों में नई नियुक्तियां कर दी हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित इस नई राष्ट्रीय टीम में कई नए चेहरों को जगह मिली है वहीं चुनावी राज्यों की कमान अनुभवी नेताओं को सौंपी गई है।
पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की अहम जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य है ऐसे में संगठन की कमान तावड़े जैसे अनुभवी नेता को सौंपना काफी अहम माना जा रहा है।
विनोद तावड़े के सामने राज्य संगठन को और मजबूत करने के साथ साथ पार्टी नेताओं में बेहतर तालमेल बनाने की बड़ी चुनौती होगी। इससे पहले वह बिहार में अपनी शानदार रणनीति का लोहा मनवा चुके हैं। साल 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिहाज से उनकी यह नियुक्ति बहुत अहम है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी पहली बड़ी राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। इस नई टीम में युवा जोश और अनुभवी नेताओं का शानदार संतुलन देखने को मिल रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की बड़ी जिम्मेदारी मिली है जबकि पूर्व आरएसएस नेता राम माधव और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल अब पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे। बीएल संतोष संगठन महामंत्री और अनिल बलूनी मीडिया प्रभारी के पद पर बरकरार हैं जबकि सोशल मीडिया की कमान छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सौंपी गई है।
बीजेपी में संगठन स्तर पर होने वाले इन बदलावों को पार्टी की चुनावी रणनीति का सबसे अहम हिस्सा माना जाता है। पार्टी अक्सर राज्यों के सियासी समीकरणों और जमीनी जरूरतों को ध्यान में रखकर ही प्रभारियों की जिम्मेदारी तय करती है। उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे अहम राज्यों में फिलहाल बीजेपी की ही सरकार है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी सत्ता में काबिज है। ऐसे में इन तीनों महत्वपूर्ण राज्यों में नए प्रभारियों के आने से बीजेपी के संगठनात्मक कामकाज और चुनावी तैयारियों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।