
Chandrashekhar Azad Open Offer To Akash Anand: बहुजन समाज पार्टी (BSP) में मायावती के भतीजे आकाश आनंद के निष्कासन के बाद दलित राजनीति में नया मोड़ आ गया है। नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आकाश को अपना छोटा भाई बताते हुए अपनी पार्टी में आने का खुला ऑफर पेश किया है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आकाश आनंद मेरे छोटे भाई जैसे हैं। साथ आए तो मिलकर अधूरा मिशन पूरा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद भले ही उनकी आलोचना करते रहे हों, लेकिन उनके मन में हमेशा छोटे भाई जैसा भाव रहा है। अगर आकाश उनके साथ आते हैं तो बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अधूरे कामों को मिलकर पूरा किया जाएगा।
भीम आर्मी चीफ ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी में उनके रास्ते पूरी तरह बंद हैं। फिर भी बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए आजाद समाज पार्टी में आकाश आनंद के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहब, उनके मिशन और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए जो भी काम करना चाहेगा, आजाद समाज पार्टी उसका स्वागत करेगी। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत खुले मन से कह रहा हूं कि बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने वाला हर व्यक्ति हमारा स्वागत का हकदार है।'
आपको बता दें कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटाने के बाद पार्टी से पूरी तरह मुक्त कर दिया है। शनिवार को जारी बयान में मायावती ने परिवार के किसी सदस्य को पार्टी में लेने से साफ इनकार कर दिया था। आकाश आनंद की यह तीसरी बार पार्टी से दूरी है। इससे पहले भी उन्हें पदों से हटाया और वापस लिया जा चुका है।
चंद्रशेखर आजाद के इस ऑफर से उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मुकाबला तेज होने की उम्मीद है। आजाद ने आकाश को साथ आने का निमंत्रण देकर अंबेडकरवादी आंदोलन को मजबूत करने का संदेश दिया है।