
Uttar Pradesh Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। दोनों नेताओं ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन से विपक्षी INDIA गठबंधन के नेताओं में नाराजगी दिखाई देने लगी है। शिवसेना यूबीटी के सांसद अरविंद सावंत ने चंद्रशेखर आजाद को ओवैसी के साथ जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी का समर्थन करने वाले भी भाजपा के साथ हैं। साथ ही चंद्रशेखर को आईना देखने की सलाह दी है।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है। दोनों दल सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले चुनाव मैदान में उतरेंगे। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया है। दोनों पार्टियां प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
इस गठबंधन को लेकर INDIA गठबंधन के नेताओं की प्रतिक्रिया भी आने लगी है। शिवसेना यूबीटी के लोकसभा सांसद अरविंद सावंत ने चंद्रशेखर आजाद के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद अभी मेरा नया परिचय है। अच्छा लड़ाकू युवा है। मैं कहता हूं कि भैया जरा आइने में देख लेना कि आप किसके साथ जा रहे हैं। जिसने कहा कि मैं भाजपा का समर्थन करता हूं। पहले ओवैसी से वो भी तो पूछ लो कि भाजपा का समर्थन करते हो या नहीं करते। अगर वो भाजपा का समर्थन करते हैं और आप उनके साथ में जाते हो, तो आप भाजपा के साथ हो। वो बी टीम हैं, हो सकता है कि आप सी टीम होंगे। पर भाजपा के साथ होंगे। आजाद नाम है न आपके लिए आप आजाद नहीं रहेंगे।'
गठबंधन का ऐलान करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी साथ आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को हराना है तो सभी को एक साथ आना होगा। ओवैसी ने कहा कि सुन लो अखिलेश यादव, यह मजबूती का गठबंधन हैं, भाजपा को हराना है तो साथ आ जाइए। आजम खान किन लोगों की वजह से जेल में हैं? यह सब जानते हैं। हम हर पीड़ित के लिए लड़ेंगे।
उन्होंने एसआईआर को बैक डोर से एनआरसी बताया। ओवैसी ने कहा कि भाजपा को हराने में नाकाम रहने वाले दलों को वोट नहीं देना चाहिए। सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि बातचीत हो चुकी है और सही समय आने पर इसकी जानकारी दी जाएगी।
भाजपा की बी टीम कहे जाने के सवाल पर ओवैसी ने विपक्षी दलों को पुराने चुनावों का रिकॉर्ड देखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और बंगाल के चुनावों में उनकी पार्टी का प्रदर्शन देखा जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि बी टीम AIMIM है या कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियां? ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में सभी दलों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए यह मजबूत विकल्प होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यकों का 90 प्रतिशत वोट हासिल करने के बावजूद भाजपा को हराने में सफलता नहीं मिल रही है।