
CM Yogi Adityanath Mother Passes Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन से पूरे परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है। सीएम योगी को यह दुखद खबर उस वक्त मिली, जब वे गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह सूचना करीब 25 मिनट बाद भाषण खत्म होने पर सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने सीएम योगी को दी। इस दुखद घड़ी में भी धैर्य बनाए रखते हुए सीएम मंच से उतरे, युवाओं के साथ सेल्फी ली और तुरंत गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए। अपनी मां को पहली शिक्षिका बताने वाले योगी की संन्यास और व्यस्तताओं के कारण उनसे मुलाकातें भले ही सीमित रहीं, लेकिन मां और बेटे का आत्मीय लगाव हमेशा चर्चा में रहा।
सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। माता और पिता दोनों की इच्छा थी कि बेटा पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी करे। हालांकि, 21 से 22 वर्ष की उम्र में योगी आदित्यनाथ ने परिवार को बताए बिना ही गोरखनाथ मठ पहुंचकर महंत अवैद्यनाथ से दीक्षा ली और संन्यास धारण कर लिया। अखबार के माध्यम से जब यह खबर मिली तो उनके माता पिता गोरखपुर पहुंचे। बेटे को संन्यासी के रूप में देखकर पिता का दिल टूट गया और मां रो पड़ीं। तब पिता ने मठ में स्थित गुरुओं की मूर्तियां दिखाकर मां को समझाया कि अन्य माता-पिता को भी अपने बेटों को समाज के कल्याण के लिए छोड़ना पड़ा है।
साल 1998 में गोरखपुर से सांसद बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार एक संन्यासी के रूप में अपने पैतृक घर पहुंचे थे। संन्यास की परंपरा और अंतिम रस्म के तहत उन्होंने अपनी मां से पहली भिक्षा मांगी। परिवार के सदस्यों ने उन्हें भिक्षा में फल, चावल और पैसे दिए। उस भावुक क्षण में उनके पिता, बहन शशि और खुद योगी आदित्यनाथ की आंखें भी नम हो गई थीं।
मई 2026 में दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। यहां उन्होंने विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और महायज्ञ में हिस्सा लिया। कार्यक्रमों के बाद वे अपने पैतृक आवास गए और मां सावित्री देवी से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया। इस प्रवास के दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया, गांव की पगडंडियों पर घूमे और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया था।
इससे पहले 3 मई, 2022 का दिन भी परिवार के लिए बेहद खास रहा था, जब योगी आदित्यनाथ करीब 5 साल बाद अपने भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। घर पहुंचते ही उन्होंने मां सावित्री देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें एक शॉल भेंट की। लंबे समय बाद बेटे को सामने देख सावित्री देवी भावुक हो गई थीं। इसके बाद जून 2024 में उम्र संबंधी परेशानियों के चलते सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराना पड़ा। 16 जून, 2024 को मुख्यमंत्री योगी अपनी मां का हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे और करीब 20 मिनट तक उनके पास रहे। उस दौरान उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद थे।
योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल, 2020 को हुआ था। उस समय पूरा देश कोरोना महामारी के संकट से जूझ रहा था और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के नाते योगी पर बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारियां थीं। इसी वजह से वे पिता के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। तब उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा था कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वे अंतिम समय में अपने पिता का चेहरा देख सकें।
पंचूर गांव के अजय सिंह बिष्ट से देश की राजनीति का प्रमुख चेहरा बनने का सफर लंबा रहा। उनका जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। सीएम योगी अपने 7 भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर हैं। उनसे बड़ी तीन बहनें और एक भाई हैं, जबकि दो छोटे भाई हैं। वे साल 1998 में पहली बार गोरखपुर से लोकसभा सांसद चुने गए और 2014 तक लगातार 5 बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। साल 2014 में महंत अवैद्यनाथ के निधन के बाद वे गोरक्षपीठाधीश्वर बने। इसके बाद 19 मार्च, 2017 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बड़ी राजनीतिक और प्रशासनिक व्यस्तताओं के कारण परिवार और मां से भले ही उनकी मुलाकातें कम हुईं हों, लेकिन मां के साथ उनके भावनात्मक रिश्ते की झलक कई मौकों पर देखने को मिली।