UP Budget 2026: बजट सत्र के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम की भावना पर बजट आधारित है।
UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश कर दिया है। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं की। बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। वहीं बजट के बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत की।
मीडिया से बातचीत के दौरान CM योगी ने कहा, '' यह उनकी सरकार का दसवां बजट है और यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री को लगातार दसवीं बार बजट पेश करने का अवसर मिला है।''
CM योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों के दौरान सरकार ने प्रदेश को लेकर लोगों की धारणा (परसेप्शन) बदलने में सफलता हासिल की है। इन नौ सालों में उत्तर प्रदेश का बजट आकार तीन गुना से भी अधिक बढ़ा है। बजट की थीम पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम” की भावना पर आधारित है। आज उत्तर प्रदेश तकनीक से समृद्ध राज्य बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में 43,565 करोड़ रुपये की धनराशि नई योजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई है, जबकि 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि नए निर्माण कार्यों पर खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास से ही रोजगार और आर्थिक प्रगति को गति मिलती है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि बीते नौ वर्षों में सरकार ने एक भी अतिरिक्त टैक्स नहीं लगाया है। प्रदेश में कर चोरी से जुड़ी जो शिकायतें थीं, उन पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई गई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकालकर देश के सामने एक रेवेन्यू प्लस राज्य के रूप में स्थापित करने में सरकार सफल रही है।