
लखनऊ. 69वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस की चौकसी के बावजूद आज यूपी का एक जिला दहल उठा। कासगंज जिले में तिंरगा यात्रा के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद ने सांप्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया जिसमें एबीवीपी के एक कार्यकर्ता की जान भी चली गई। देखते ही देखते कासगंज छावनी में तब्दील हो गया जिसका संज्ञान लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने तुरंत पुलिस प्रशासन को स्थिति पर नियंत्रण लेने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने जिला प्रशासन को उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। हिंसा मेें एक युवक की मौत पर सीएम योगी ने गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद के आदेश दिए हैं।
सीएम योगी ने किया ट्वीट-
सोशल मीडिया पर अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर सीएम योगी ने दोनों पक्षों से शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की हैं। सीएम ऑफिस ट्विटर पर पहले ट्वीट में लिखा है, "सीएम योगी ने कासगंज में दो पक्षों के विवाद में एक युवक की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।" वहीं दूसरे ट्वीट में लिखा है, "सीएम योगी ने दोनों पक्षों से शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की है, साथ ही प्रशासन को उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं।"
यह है मामला-
आज कासगंज में तिंरगा यात्रा निकाले जाने के दौरान एक पक्ष के लोग इसमें नारेबाजी करने लगे। जब इसका दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध किया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए जिसमें दोनों तरफ से जमकर पथराव और आगजनी हुई। वहीं इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के बिलराम गेट की है जहां सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस बीच एक धार्मिम स्थल को भी आग के हवाले किया गया है।