लखनऊ

UP News: ‘जिस भूमि पर मेरे पिता अन्न उगाते थे, उसी जमीन से उड़ान भरकर मैं आपके मिलने आई’, CM योगी से मिलकर गदगद हुई युवती

Noida Airport News: नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar International Airport) से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हो गई हैं। इस मौके पर नोएडा से फ्लाइट का सफर करके लखनऊ पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) से मुलाकात की और अपने अनुभव साझा किए।

2 min read
Jun 15, 2026
जेवर एयरोपोर्ट से फ्लाइट का सफर करके लखनऊ पहुंचे किसानों ने CM योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की
जेवर एयरोपोर्ट से फ्लाइट का सफर करके लखनऊ पहुंचे किसानों ने CM योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की (फोटो- CM Yogi 'X')

Farmers Traveled by Flight: जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar International Airport) से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हो गई हैं। सोमवार को लखनऊ से इंडिगो की फ्लाइट पहली बार जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport) पर उतरी। दूसरी फ्लाइट में एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाली 20 महिलाओं समेत 170 किसान नोएडा से लखनऊ पहुंचे।

एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वालों ने शेयर किया अनुभव

जेवर एयरोपोर्ट से फ्लाइट में यात्रा करके लखनऊ पहुंचे किसानों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और विकास योजनाओं की सराहना की। फ्लाइट से यात्रा करने वाली डॉक्टर हेरा राशिद ने CM योगी से कहा- जिस भूमि पर मेरे पिता अन्न उगाते थे। आज उसी भूमि से उड़ान भरकर मैं आपसे मिलने आई हूं। एक समय पढ़ने की सुविधा नहीं थी, लेकिन विकास के साथ क्षेत्र में तरक्की हुई। डॉक्टर हेरा राशिद ने कहा कि मैंने बिना कोचिंग के नीट निकाला। ये सब आपकी वजह से हुआ। मैं चाहती हूं कि आप भविष्य में प्रधानमंत्री बनें।

महिला किसान ने कहा- फ्लाइट में बैठकर बहुत मजा आया


नोएडा से फ्लाइट में बैठकर लखनऊ पहुंची महिला किसान रीता ने बताया कि मैंने एयरपोर्ट के लिए 4 बीघा जमीन दी थी। पहली बार फ्लाइट में बैठी, बहुत मजा आया। मेरा 7 घंटे का सफर मात्र 1 घंटे में पूरा हो गया। हम राम मंदिर के दर्शन भी करेंगे। एक अन्य किसान शमे मोहम्मद ने कहा- हम बड़े आनंद से आए हैं। सीएम पहले भी आए, लेकिन किसानों को फ्लाइट से सफर करवाने का काम किसी ने नहीं किया।

सीएम योगी बोले- आज का दिन ऐतिहासिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- आज का दिन ऐतिहासिक है। भारत की सबसे अधिक संभावनाओं वाले इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अपनी वाणिज्यिक उड़ान शुरू की है। इसके पीछे प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की है और इसमें योगदान सभी किसानों का है। CM योगी ने याद दिलाया कि कैबिनेट से प्रस्ताव पास होने के बाद उन्होंने गौतमबुद्धनगर अधिकारियों को 100 दिनों में जमीन अधिग्रहण शुरू करने का समय दिया था। जब काम नहीं हुआ तो उन्होंने खुद बैठक की। किसानों के विश्वास से पहले फेज का काम पूरा हो सका।

बता दें कि जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को किया था। पहले फेज में करीब 3300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे बनाए गए। इस प्रोजेक्ट पर 11 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए। शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था, यानी मात्र 5 साल में एयरपोर्ट तैयार हो गया। कुल 4 फेज में बनेगा यह एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा। पूरा होने पर यहां हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्री यात्रा कर सकेंगे।