लखनऊ

प्रियंका गांधी ने सीएम योगी लिखा पत्र, कहा- यूपी के कई जिलों में मिल रहीं ऐसी सूचनाएं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीदी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यंमत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र
2 min read
• •
Updated: 21 Jun 2021, 1:25 PM IST
 Congress Mahasachiv Priyanka Gandhi wrote a letter to cm yogi

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को पत्र लिखकर किसानों के खरीद की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की है। सीएम योगी को भेजे गए पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है कि प्रदेश के तमाम जिलों से मुझे लगातार सूचनाएं आ रही हैं कि गेहूं की खरीद में किसानों को बहुत परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हुई लेकिन कोरोना माहमारी के चलते क्रय केंद्रों पर ताला लटकता रहा। जैसे ही किसानों गेहूं का क्रय केंद्रों पहुंचने लगा, खरीद को कम करके आधा कर दिया गया। इससे बहुत सारे किसान अपना गेहूं नहीं बेच पाए हैं। अब क्रय केंद्रों पर किसानों के गेहूं खरीद में सरकारी फरमानों के चलते अफसर नानुकूर कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा है कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि हम अंतिम किसान तक गेहूं खरीद की सुविधा देंगे, लेकिन बहुत सारे गांवों में क्रय केंद्र बंद हो गए हैं और किसानों को दूर मंडियों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, नमी के कारण गेहूं के सड़ने का खतरा है। इस स्थिति में किसान अपनी गाढ़ी पसीने की कमाई को औने पौने दाम पर बेचने को मजबूर होंगे। प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा है कि कोरोना महामारी और महंगाई के चलते किसानों की हालत पहले से खराब है, ऐसे में उनकी फसल की खरीद न हो पाने या औने-पौने दामों में गेहूं बेचने के लिए मजबूर होने जैसी स्थिति किसानों की कमर तोड़ देगी।

प्रियंका गांधी की तीन मांगें
1. क्रय केंद्रों पर 15 जुलाई तक किसानों के गेहूं खरीद की गारंटी की जाए।
2. प्रत्येक क्रय केंद्र पर खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को अपना अनाज बेचने के लिए भटकना न पड़े।
3. कई जिलों से इस तरह की खबरें आ रही हैं कि एक किसान से एक बार में अधिकम 30 या 50 कुंतल गेहूं खरीदा जा रहा है, इससे किसान बहुत परेशान हैं। इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाकर किसानों से अधिकतम खरीद की जाए।

Updated on:
21 Jun 2021, 1:25 PM IST
Published on: