लखनऊ

‘BJP और ओवैसी एक ही सिक्के के दो पहलू’, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत बोले, नेहरू-गांधी का अपमान बर्दाश्त नहीं

UP Assembly Election News: लखनऊ में कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी और ओवैसी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी का अपमान करने वालों से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। राजपूत ने आरोप लगाया कि जो लोग गांधी-नेहरू में विश्वास नहीं करते, वे गोडसे में विश्वास करते हैं।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
Surendra Rajput
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत (ANI Photo)

AIMIM UP Election: लखनऊ में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि जो लोग महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू को अपना नेता नहीं मानते, उन्हें वह देशभक्त नहीं मानते और न ही इस देश का हिस्सा मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग सुबह-शाम कांग्रेस और INDIA गठबंधन को धमकाते हैं, लेकिन शाम को समझौते की गुहार लगाने आ जाते हैं। राजपूत ने कहा कि नेहरू-गांधी का अपमान करने वालों से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। ओवैसी को सीधे संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो नेहरू और गांधी में विश्वास नहीं करते, वे गोडसे में विश्वास करते हैं। उन्होंने दावा किया कि अब यह साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और ओवैसी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

'AIMIM गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएगी'

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में जनसभा के दौरान मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाया। रविवार रात को नगर पालिका के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएगी, बल्कि युवा लड़के और लड़कियां नेतृत्व में आगे खड़े होंगे। ओवैसी ने कहा कि समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केवल नारे लगाना काफी नहीं है। लोगों को बूथ तक पहुंचकर अपने वोट का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने कहा कि वह खुद नेता बनने नहीं, बल्कि दूसरों को नेता बनाने के लिए आए हैं। उनके मुताबिक, एकजुट होकर काम करने से ही सफलता मिल सकती है।

रोजगार और गरीबी का जिक्र करते हुए ओवैसी ने सवाल किया कि आने वाली पीढ़ियां भी गरीबी में रहकर बीड़ी बनाती रहेंगी या आगे बढ़कर तरक्की करेंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और उन्हें सही तनख्वाह भी नहीं मिलती। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि हर उस व्यक्ति को उसका हक मिले, जो इसका हकदार है।

आरएसएस, बीजेपी और कांग्रेस पर भी निशाना

सभा में ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर आरोप लगाया कि वह भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। ओवैसी ने कहा कि दलित और आदिवासी समाज भी कमजोर वर्गों में आते हैं। उनका कहना था कि इन वर्गों को न्याय मिलेगा, तभी देश मजबूत होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर तबकों को और पीछे धकेला जा रहा है और उनकी इबादतगाहों को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता की देखभाल करने, अच्छा इंसान बनने और अपने अधिकारों को समझने की अपील भी की।

2027 के चुनाव की तैयारी पर क्या कहा?

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव की तैयारी में जुटी है। उन्होंने रामपुर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। साथ ही दावा किया कि उनकी पार्टी को सभी समाज के लोगों का समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी को अलग करने की राजनीति नहीं करती। सपा नेता आजम खां के बारे में सवाल पूछे जाने पर ओवैसी ने उनके लिए दुआ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह अल्लाह से प्रार्थना करते हैं कि आजम खां की सभी परेशानियां दूर हों और उनके लिए आगे का रास्ता आसान हो।

Updated on:
19 Oct 2026 11:53 am
Published on:
19 Oct 2026 10:23 am