Dinesh Sharma On Asaduddin Owaisi: राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।
Dinesh Sharma On Asaduddin Owaisi: कांग्रेस ने चुनावी राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी बनाई है। इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को सौंपी गई है। BJP सांसद दिनेश शर्मा ने रविवार को इस पर तंज कसा। दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को एक परिवार के अलावा कोई नेतृत्वकर्ता दिखाई नहीं देता।
BJP सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "कांग्रेस में अभी लोगों का गांधी परिवार से विश्वास नहीं उठा है। मेरे हिसाब से जब तक राजनीति में गांधी परिवार सक्रिय है, तब तक सोचना बेकार है। मुझे लगता है कि कांग्रेस को एक परिवार के अलावा दूसरा नेतृत्वकर्ता दिखाई नहीं देता।"
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, "जब एक नेता फेल होता है, तो दूसरे को लाते हैं, जब दूसरा फेल होता है, तो वे तीसरे को लाते हैं। परिवार के 3 सदस्यों के बीच में उनके पद और दायित्व का चक्रव्यूह फैलता है। यह उनकी पार्टी का अंदरूनी फैसला है, उस पर मैं कुछ नहीं कह सकता। हालांकि कांग्रेस अब राष्ट्रीय नहीं बल्कि क्षेत्रीय दल की सीमा में आ रही है।"
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 'परिवार के अंदर संवाद से लव जिहाद रोकने वाले बयान' का BJP सांसद ने समर्थन किया। BJP राज्यसभा सांसद ने कहा, "भारत की संस्कृति का प्रतिपादन एकमात्र हल है। हमारी संस्कृति और प्राचीन परंपराएं इस प्रकार की विसंगतियों से दूर रखती थीं। आधुनिकता के परिवेश में आज यह सभी बातें खड़ी हुई हैं। मेरे हिसाब से PM मोदी और CM योगी के रहते यह संस्कार जागे हैं।"
दिनेश शर्मा ने वेनेजुएला पर अमेरिका के हमले पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर निशाना साधा। साथ ही भारत की विदेश नीति के बारे में समझाया। उन्होंने कहा, "क्या ओवैसी भारत को आतंकी देश बनाना चाहते हैं? राष्ट्रहित भारत के लिए सर्वोपरि है। PM मोदी ने कहा कि आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है। ना झुकेंगे, ना झुकाएंगे और ना डरेंगे और ना डराएंगे। हमारी नीति सर्वे भवन्तु सुखिनः और वसुधैव कुटुंबकम की है।"