लखनऊ

होली से पहले लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, क्विंटल भर मिलावटी मिठाई और खोया बरामद

Food Safety Crackdown Before Holi: होली से पहले लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन से भारी मात्रा में मिलावटी खोया, बर्फी और मिल्क केक बरामद कर लाखों रुपये का माल नष्ट किया।

3 min read
Feb 28, 2026
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर कड़ा प्रहार, भारी मात्रा में नकली मिठाई और खोया जब्त (Source: Police Media Cell)

Food Safety Department Adulteration Action: त्योहारों के मौसम में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी में नकली मिठाई और संदिग्ध डेयरी उत्पादों का बड़ा जखीरा पकड़ लिया। देर रात चलाए गए विशेष अभियान में विभागीय टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर सैकड़ों किलो खोया, बर्फी और मिल्क केक बरामद किए। कार्रवाई के बाद पूरे शहर में मिलावटखोरों के बीच हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़ें

UP Holi Traffic Alert: होली पर यातायात सुरक्षा सख्त, अतिरिक्त बसें और चेकिंग अभियान के निर्देश जारी

रात 1 बजे रोका गया संदिग्ध वाहन

खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि त्योहार से पहले बाहरी जिलों से बड़ी मात्रा में मिलावटी खोया और मिठाइयां राजधानी में सप्लाई की जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने रात में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया। करीब रात 1 बजे टीम ने बंथरा क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में खोया और मिठाइयां भरी मिलीं। प्राथमिक जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद वाहन को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया। वाहन को बंथरा थाने में खड़ा कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

भारी मात्रा में मिठाई और खोया बरामद

जांच के दौरान टीम ने वाहन से बड़ी मात्रा में डेयरी उत्पाद बरामद किए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 760 किलो खोया,700 किलो बर्फी,180 किलो मिल्क केक मौके पर मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों में सबसे ज्यादा मांग खोया आधारित मिठाइयों की होती है, जिसका फायदा उठाकर मिलावटखोर नकली या घटिया गुणवत्ता के उत्पाद बाजार में उतार देते हैं।

2.66 लाख रुपये का खोया मौके पर नष्ट

जांच में बरामद खोया मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि खोया खराब गुणवत्ता का था और उसमें मिलावट की आशंका बेहद ज्यादा थी। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए करीब 2.66 लाख रुपये मूल्य का 760 किलो खोया मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों को किसी भी हालत में बाजार तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

ठाकुरगंज खोया मंडी में विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए शहर के प्रमुख डेयरी और मिठाई बाजार ठाकुरगंज खोया मंडी में भी विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। लाइसेंस और स्वच्छता मानकों की जांच की गई। संदिग्ध मिठाई निर्माताओं को नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान मिलावट पाए जाने पर सीधे लाइसेंस निरस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पर्व से पहले क्यों तेज हुई कार्रवाई

त्योहारों के समय मिठाइयों की मांग अचानक बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी अधिक मुनाफा कमाने के लिए सिंथेटिक दूध,स्टार्च मिश्रित खोया,केमिकल रंग,घटिया तेल और नकली घी का इस्तेमाल कर मिठाइयां तैयार करते हैं। ऐसे खाद्य पदार्थ लोगों में फूड पॉइजनिंग, पेट संक्रमण, लीवर और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया कि त्योहारों में आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 पुलिस और प्रशासन का संयुक्त ऑपरेशन

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ स्थानीय पुलिस की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वाहन पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक सप्लाई चेन की जांच की जा रही है,मिठाइयां कहां से लाई गई इसकी पड़ताल जारी है। संबंधित कारोबारियों की पहचान की जा रही है। संभावना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मिलावटखोरी गंभीर अपराध माना जाता है। दोषी पाए जाने पर भारी जुर्माना,लाइसेंस रद्द,जेल की सजा तक का प्रावधान है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जनता से भी सतर्क रहने की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों में मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतें। प्रतिष्ठित दुकानों से ही मिठाई खरीदें ,बहुत सस्ती मिठाई से बचें,रंग और गंध पर ध्यान दें। पैकिंग और निर्माण तिथि जरूर देखें।  शिकायत होने पर हेल्पलाइन पर सूचना दें। 

 त्योहार तक जारी रहेगा अभियान

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान एक दिन की कार्रवाई नहीं है। त्योहार समाप्त होने तक लगातार छापेमारी होगी। मोबाइल जांच टीमें सक्रिय रहेंगी। रात में भी निगरानी जारी रहेगी। पूरे शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा।

अधिकारियों का बयान

खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रशासन त्योहारों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में मनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई से जहां आम जनता में भरोसा बढ़ा है, वहीं गलत कारोबार करने वालों में डर का माहौल बन गया है।

ये भी पढ़ें

Ujjwala Yojana: होली पर योगी सरकार का तोहफा, 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सब्सिडी मिली

Also Read
View All

अगली खबर