पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को डॉक्टरों की सलाह पर नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है।
लखनऊ. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को डॉक्टरों की सलाह पर नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है। रुटीन चेकअप और जांच के लिये उन्हें एम्स अस्पताल ले जाया गया है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो रुटीन चेकअप के बाद आज शाम आठ बजे तक उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। आपको बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। अब तक वह अपने निजी आवास पर ही डॉक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। 94 वर्षीय अटल बिहारी वाजपेयी एम्स में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलरिया की देखरेख में रहेंगे। पुलमोनोलॉजिस्ट डॉक्टर गुलरिया करीब 30 वर्षों से अटल बिहारी वाजपेयी के निजी चिकित्सक के तौर पर काम कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि डॉक्टरों की सलाह पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने कुछ जांच के लिए उन्हें एम्स लाने की सलाह दी थी, जिसके बाद उन्हें यहां एडमिट कराया गया।
राजनीति के अजातशत्रु
25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्मे अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु भी कहा जाता है। विरोधी दल के नेता भी उनका उतना ही सम्मान करते थे, जितना कि भारतीय जनता पार्टी के लोग। उनमें गजब की वाकपटुता थी। वह जब संसद में भाषण देते थे तो विरोधी भी ताली बजाने को मजबूर हो जाते थे।
राजनीतिक करियर
भारतीय राजनीति के साथ-साथ हिंदी साहित्य में भी अटल बिहारी वाजपेयी का बड़ा नाम है। भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को स्थापित करने वाले नेताओं में उनका शुमार है। अपने राजनीतिक करियर में वह दो बार देश के प्रधानमंत्री भी रहे। पहली बार वह 16 मई से एक जून 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और फिर 19 मार्च 1998 से 22 मई 2004 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं।
- अटल बिहारी वाजपेयी अब तक नौ बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं
- 1962 से 1967 और 1986 में वो राज्यसभा के सदस्य रहे
- 16 मई 1996 को वो पहली बार प्रधानमंत्री बने
- 19 मार्च 1998 को दूसरी बार प्रधानमंत्री बने
- पहली बार बलरामपुर से लोकसभा चुनाव जीते
- 1977 में जनता पार्टी सरकार में विदेश मंत्री बने
- 1980 में वो बीजेपी के संस्थापक सदस्य रहे
- 1980 से 1986 तक वो बीजेपी के अध्यक्ष और बीजेपी संसदीय दल के नेता रहे