
Happy Holi 2022: बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक में मनाया जाने वाले होली त्योहार की शुरुआत हो चुकी है। होली पर हम सभी अबीर, गुलाल व अलग-अलग रंगों के साथ खेलना पसंद करते हैं। लाल, नीला, पीला, हरा, गुलाबी आदि तरह के कई रंग हैं। रंगों का ही हमारे जीवन में बहुत महत्व होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर रंग के अपने मायने होते हैं। होली खेलने में जिन रंगों का प्रयोग किया जाता है, उनका अपना ही महत्व और ज्योतिषीय लाभ होता है।
1- हरे रंग का महत्व
हरा रंग शांति, संपन्नता और प्रकृति और जीवन के प्रतीक का रंग माना जाता है। कहते हैं कि हरा रंग मन की चंचलता को दूर करता है। इस रंग से आपके मन को सुकून मिलता है और इसके साथ ही सुख समृद्धि की भी प्राप्ति होती है।
2- लाल रंग का महत्व
लाल रंग का प्रयोग सभी शुभ कार्यों में किया जाता है। लाल रंग को उत्साह, जोश, वृद्धि और गर्मी का रंग माना जाता है। होली के मौके पर लाल रंग का प्रयोग शुभ माना जाता है। आपके अंदर ऊर्जा की वृद्धि होती है।
3- पीले रंग का महत्व
पीला रंग खुशहाली, संजीदगी, सामर्थ्य, हर्षोल्लास, प्रसनता आदि का प्रतीक माना जाता है। पीले रंग को अध्यात्म से भी जोड़कर देखा गया है। होली पर भगवान की प्रतिमाओं को पीले रंग का गुलाल लगाना चाहिए। कहा जाता है कि पीले रंग से होली खेलने से आरोग्य, यश और वैभव की प्राप्ति होती है।
4- सफेद रंग का महत्व
सफेद रंग शांति और शुद्धता का प्रतीक होती है। यह अशांत मन को शांति प्रदान करता है। जीवन में सकारात्मकता लेकर आता है और मस्तिष्क में सात्विक प्रदान कर शुद्ध करता है। अत्यधिक क्रोधी स्वभाव के लोगों के लिए यह रंग बहुत शुभ माना जाता है।
5- गुलाबी रंग का महत्व
देखने में खूबसूरत गुलाबी रंग प्रेम और आकर्षण का प्रतीक माना जाता है। गुलाबी रंग को शीतलता प्रदान करने वाला भी कहा गया है। पूरे संसार में यह रंग प्यार का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि यह रंग श्रीकृष्ण और राधा रानी को पसंद है।