लखनऊ

UP Crime: चलती ट्रेन में खौफनाक कांड! गोमतीनगर एक्सप्रेस से मिला युवती का सिर कटा शव

UP Crime News: लखनऊ के गोमतीनगर स्टेशन पर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में युवती का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस CCTV और यात्रियों से पूछताछ कर रही है।

4 min read
May 18, 2026
बक्से में बंद था धड़, पॉलिथीन में पैक मिले हाथ-पैर; सिर अब तक गायब, जांच में जुटी जीआरपी (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

UP Train Murder Mystery : राजधानी Lucknow के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ। इस दिल दहला देने वाली वारदात ने न सिर्फ यात्रियों बल्कि रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे को भी झकझोर कर रख दिया है। शव को जिस तरीके से पैक किया गया था, उससे साफ अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या बेहद शातिर और योजनाबद्ध तरीके से की गई है।

बताया जा रहा है कि ट्रेन संख्या 15114 छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस शनिवार शाम बिहार के छपरा स्टेशन से रवाना हुई थी और रविवार सुबह करीब 6 बजे गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगने के बाद जब सफाई कर्मचारी नियमित सफाई के लिए S-1 कोच में पहुंचे, तब उन्हें एक संदिग्ध बड़ा बॉक्स और बैग दिखाई दिया। शुरुआत में कर्मचारियों को लगा कि कोई यात्री अपना सामान भूल गया होगा, लेकिन जब बैग और बॉक्स से दुर्गंध आने लगी तो उन्हें शक हुआ।

ये भी पढ़ें

Yogi Cabinet में बड़ा उलटफेर, नए मंत्रियों की एंट्री से पुराने दिग्गजों के बदले विभाग

सफाई कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में जब बॉक्स खोला गया, तो वहां मौजूद सभी लोगों के होश उड़ गए। बॉक्स के भीतर करीब 30 से 35 वर्ष की एक अज्ञात युवती का धड़ रखा हुआ था। शव का सिर गायब था, जबकि हाथ और पैर अलग-अलग पॉलिथीन में पैक करके बैग में रखे गए थे।

एयरटाइट पैकिंग ने बढ़ाई रहस्य की परतें

जांच अधिकारियों के अनुसार, हत्यारे ने शव को इतनी सफाई और सावधानी से पैक किया था कि खून की एक बूंद भी बाहर नहीं निकली। बॉक्स को अंदर से पॉलीथीन और प्लास्टिक से इस तरह सील किया गया था कि किसी यात्री को शक न हो सके।

प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि हत्या किसी बेहद धारदार हथियार से की गई है। शव के कटे हुए हिस्सों को देखकर पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि वारदात में कसाई खाने में इस्तेमाल होने वाले भारी चापड़ या तेजधार हथियार का इस्तेमाल हुआ होगा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवती का सिर अब तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का मानना है कि सिर को अलग से कहीं फेंका गया होगा, ताकि मृतका की पहचान न हो सके। यही कारण है कि फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की शिनाख्त करना है।

रंग-बिरंगे सूट से ग्रामीण पृष्ठभूमि की आशंका

पुलिस के मुताबिक, मृतका ने रंग-बिरंगा सूट पहन रखा था। कपड़ों और पहनावे के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ग्रामीण या छोटे कस्बे की रहने वाली हो सकती है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या कब और कैसे की गई। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि हत्या ट्रेन में हुई या कहीं और हत्या के बाद शव को ट्रेन में रखा गया।

20 रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार, इस ट्रेन का सफर लगभग 12 घंटे का है और यह रास्ते में करीब 20 स्टेशनों से होकर गुजरती है। पुलिस अब छपरा से लेकर गोमतीनगर तक के सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जांच एजेंसियों की नजर खास तौर पर उन यात्रियों पर है, जो भारी बॉक्स और बैग लेकर ट्रेन में चढ़े थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस स्टेशन से यह बॉक्स ट्रेन में लाया गया और कौन व्यक्ति इसे छोड़कर फरार हुआ। रेलवे अधिकारियों ने S1 कोच में यात्रा करने वाले सभी रिजर्वेशन यात्रियों की सूची भी पुलिस को उपलब्ध करा दी है। अब एक-एक यात्री से फोन पर संपर्क कर पूछताछ की जा रही है।

यात्रियों में दहशत, स्टेशन पर मचा हड़कंप

घटना की खबर फैलते ही गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई। यात्रियों के बीच डर और दहशत का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इतनी भयावह घटना नहीं देखी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब बॉक्स खोला गया तो मौके पर मौजूद कई लोग सहम गए। कुछ महिलाओं की चीख निकल गई, जबकि कई लोग वहां से दूर हट गए। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी।

हत्या ट्रेन में हुई या बाहर, पुलिस के सामने बड़ा सवाल

जांच एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हत्या आखिर कहां हुई। पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है-

पहली संभावना:

हत्या कहीं और की गई और शव को ठिकाने लगाने के लिए ट्रेन का इस्तेमाल किया गया।

दूसरी संभावना:

हत्या ट्रेन में ही की गई और बाद में शव को काटकर पैक किया गया। 

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के अंदर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना आसान नहीं है। इसलिए शुरुआती जांच में यही संभावना अधिक मानी जा रही है कि हत्या पहले की गई और शव को ट्रेन में रखकर आरोपी फरार हो गया।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है। बॉक्स, बैग, पॉलिथीन और सीट के आसपास से फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज, यात्रियों की जानकारी और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।

जीआरपी की अपील: पहचान में करें मदद

जीआरपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी महिला के अचानक लापता होने की सूचना हो या इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का मानना है कि शव की पहचान होते ही मामले की गुत्थी काफी हद तक सुलझ सकती है।

अब तक जांच में सामने आई प्रमुख बातें

  • .शव 30-35 वर्ष की युवती का बताया जा रहा
  • .सिर अब तक बरामद नहीं हुआ
  • .हाथ-पैर अलग पॉलिथीन में पैक मिले
  • .हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका
  • .S-1 कोच से मिला संदिग्ध बॉक्स
  • . 20 रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
  • . रिजर्वेशन यात्रियों से पूछताछ जारी
  • .फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

ये भी पढ़ें

Lawyers Strike: सिविल कोर्ट लाठीचार्ज पर भड़के वकील, लखनऊ में तीन दिन की हड़ताल शुरू हुई
Also Read
View All