
Road Accident On Lucknow Agra Expressway: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक से स्लीपर बस भिड़ गई। इस वजह से 13 यात्री घायल हो गए।
तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना जोरदार था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में बस और ट्रक चालक समेत 13 लोग घायल हो गए। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक,हादसालखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 221 पर अरौल टोल प्लाजा के पास हुआ। टेग्रा एक्सप्रेस की डबल डेकर बस पटना से करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे बस चालक को झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई।
बस की टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में आरारोट लदा हुआ था और वह सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहा था। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने में पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी सुभाष चंद्र, इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे ट्रक और क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे कराया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों में नीरज, बबलू और रितेश शामिल हैं।वहीं अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
हादसे में घायल लोगों में बस चालक औरैया के बाबरपुर निवासी अतुल पुत्र अमर सिंह और ट्रक चालक एटा के कुतुबपुर निवासी भोले पुत्र देवेंद्र सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा नीरज, बबलू, रितेश, विकलेश, सुदीप सिंह, वीरपाल, रजत कुमार, बिट्टू पटेल, निरंजन, प्रीति और आसिफ भी घायल हुए हैं। घायल यात्री बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ। अनुमान लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी।इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में सुरक्षित बचे यात्रियों को अन्य वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।