
India Bloc Meeting:इंडिया गठबंधन की आगामी बैठक में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के शामिल न होने की अटकलें तेज हैं। इन सियासी चर्चाओं के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का एक बड़ा बयान सामने आया है। इमरान मसूद ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर अखिलेश यादव इस अहम बैठक से दूरी बनाते हैं, तो इससे न सिर्फ गठबंधन को नुकसान होगा, बल्कि खुद उन्हें भी सियासी घाटा उठाना पड़ेगा।
सांसद इमरान मसूद ने अखिलेश यादव के बैठक में शामिल न होने के सवाल पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि, "बैठक में जाना या न जाना पूरी तरह से अखिलेश यादव का अपना फैसला है। लेकिन चूंकि वह उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और अहम राज्य में गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी भी बड़ी बनती है। आगामी चुनावों को देखते हुए, उन्हें इस मामले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।"
मीडिया से बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के मुखिया इस बैठक में शामिल नहीं होते हैं, तो इसका नुकसान उन्हें ही झेलना पड़ेगा। सांसद ने स्पष्ट किया कि इस कदम से न तो इंडिया गठबंधन मजबूत होगा और न ही अखिलेश यादव को कोई फायदा मिलेगा। ये बहुत ही सीधी और साफ बात है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गैर-मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। सपा की तरफ से स्थिति साफ करते हुए बताया गया है कि 30 सितंबर को अखिलेश यादव लखनऊ में आयोजित होने वाले किसान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। अपने पहले से तय कार्यक्रमों के कारण वह दिल्ली की बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस बात की पुष्टि की है। वेणुगोपाल ने बताया कि अखिलेश यादव की पहले से कुछ व्यस्तताएं तय थीं। राज्यसभा चुनाव के नामांकन और किसान सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रमों के कारण अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं हो पायेंगे।
बता दें कि दिल्ली में 30 सितंबर को इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में गठबंधन से जुड़े कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसमें SIR, चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की की उम्मीद है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी विपक्षी दलों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में इंडिया ब्लॉक की यह 8वीं बैठक होगी, जबकि 2026 में यह गठबंधन की दूसरी बैठक बताई जा रही है।